पटना। राजधानी पटना सहित बिहार के कई जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हो रही है। आज सुबह से ही मौसम का मिजाज कुछ बदला-बदला दिख रहा था। पटना में तेज हवा के साथ घने बादल छाए हैं और गरज के साथ बारिश हो रही है तो वहीं कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो रही है। इस बारिश से किसानों के चेहरे पर मायूसी छायी हुई है, क्योंकि गेहूं की कटाई चल रही है और तैयार फसल खेतों में है।
मौसम विभाग ने दी थी चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक एक नया पश्चिमी विक्षोभ पूर्वी उत्तर भारत में आ रहा है, जिसकी वजह से बिहार में मौसम एक बार फिर से करवट ले रहा है।
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान किया है कि फिलहाल मौसम का मिजाज इसी तरह रहेगा और रुक-रुक कर पूरे राज्य में बारिश होती रहेगी।
बिहार के छपरा, सिवान, भोजपुर, बक्सर और यूपी के बलिया, गाजीपुर, मऊ समेत अन्य जिलों में आंधी के साथ तेज बारिश हो रही है। तूफान के साथ हो रही बारिश इतनी जोरदार है कि खेतों में बारिश का पानी भर गया है। वहीं, आसमान में बिजली की चमक के साथ बादलों की तेज गड़गड़ाहट भी हो रही है। इस आंधी बारिश से किसानों की बची उम्मीदें भी अब पूरी तरह से खत्म हो गई हैं क्योंकि खेतों में लगी उनकी फसल अब पूरी तरह से नष्ट हो गई है।
मौसम की बेरूखी एवं लगातार हो रही बारिश से क्षेत्र में फसलों की बड़े पैमाने पर क्षति हुई है। खासकर गेहूं की फसल पर इसका व्यापक असर पड़ा है। बहुत अधिक मात्रा में गेहूं की फसल खेतों में हैं और दौनी के इंतजार में बुरी तरह भींग गई है। सभी प्रखंडों में हुई भारी वर्षा से किसानों के गेहूं और मकई के फसल को भी काफी नुकसान हुआ है।
जानिए अभी जिलों के मौसम का हाल....
-भागलपुर में अभी बादल छाए हुए हैं, तेज हवा चल रही है।
-नवादा में मौसम साफ है।
-गया में सुबह से ही कडाके धूप है।
-रक्सौल जिले में आकाश में काले बादल मंडरा रहे।तेज हवा के बीच बारिश हो रही है।
-समस्तीपुर में मध्यम पुरवा हवा चल रही। आंशिक बादल छाए हुए हैं।
-बिहारशरीफ में धूप खिली हुई है। आंशिक बादल हैं।
-सासाराम मेंआकाश में बादल छाए हुए हैं।
-शिवहर मेंआकाश में काले बादल मंडरा रहे। बीच- बीच में गड़गड़ाहट की आवाज। तेज पछुआ हवा चल रही। कहीं -कहीं हल्की बूंदा- बांदी भी हो रही है।
-कटिहार में हल्की हवा चलबरहि है। मौसम सामान्य है।
-लखीसराय में धूप-छांव है। बीच-बीच में आकाश में बादल गरज रहे हैं। बारिश की संभावना बनती है फिर हल्की धूप निकल आती है।
-अररिया में मौसम ठीक है।
-बेगूसराय में अभी धूप खिली है। हवा भी शांत है।
-किशनगंज में मौसम ठीक है। धूप खिली है।
-बाँका में धूप है
-मधेपुरा में धूप है।
-मोतिहारी मेंआकाश में आंशिक बादल छाए हुए हैं। बारिश की संभावना बन रही है। अभी बारिश शुरू नहीं हुई है।
-पश्चिम चंपारण में आसमान में बादल मंडरा रहे हैं और बूंदाबांदी भी हो रही है।
-सीतामढ़ी में सुबह 10:20 बजे से अचानक तेज बारिश हो रही है। आसमान बादलों से पटा है।