बिहार के जमुई मे इन दिनों चर्चा में रहे खनन विभाग के एक कर्मी की शादी की सालगिरह पर होने वाली पार्टी से पहले ही एसपी की स्पेशल टीम ने छापा मार दिया। इस दौरान विदेशी शराब के साथ खनन विभाग के तीन कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
हालांकि विभाग के तीनों कर्मी का कहना था कि जिस जगह से शराब की बरामदगी हुई है वे लोग वहां नहीं थे। पुलिस ने जिस जगह पर छापा मारा वहां मटन बनाया जा रहा था। पार्टी की पूरी तैयारी हो रही थी। अचानक रविवार की शाम करीब 7:30 बजे एसपी डॉ इनामुल हक मेंगनू की स्पेशल टीम ने वहां छापेमारी कर दी। छापेमारी के दौरान विदेशी शराब बरामद की गई। इस दौरान पूरे शहर में इस बात को लेकर चर्चा का बाजार गर्म हो गया।
हालांकि जब उनसे बात हुई तो उन्होंने बताया कि वह अपने चेंबर में हैं। उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है। जिन कर्मियों की गिरफ्तारी हुई है उसमें बरहट थाना अंतर्गत पारो मटिया के उदय कुमार, सदर थाना अंतर्गत उझण्डीह गांव के श्रीकांत यादव, गोपालगंज जिले के कटैया निवासी मोहन साव शामिल हैं। पुलिस तीनों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई कर रही है। शराब को सील किया गया है। थाना अध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। गिरफ्तार किए गए सभी लोगों को जेल भेजा जाएगा। 3 में से 2 कर्मचारी विभाग के परमानेंट स्टाफ है। जबकि एक कर्मचारी अनुबंध पर कार्यरत हैं।
एसपी की कार्रवाई के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया है। शराब के शौकीन लोगों की नींद हराम हो गई है। एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि काफी दिनों से इस बात की सूचना मिल रही थी कि खनन विभाग के सामने लॉज में हमेशा पार्टी का आयोजन होता है। जिसमें शराब का पार्टी का दौर चलता है।
बताते चलें कि राजद नेता डॉ त्रिवेणी यादव के मकान में खनन विभाग का कार्यालय है। और कार्यालय के ठीक सामने उन्हीं के जमीन में एक लॉज बना हुआ है। जिस लॉज में कई छात्र रहते हैं। उसी लॉज में पार्टी का आयोजन किया गया था। जिस कर्मचारी के शादी की सालगिरह थी वह कर्मचारी कुंदन कुमार सिन्हा फरार बताया जाता है। पुलिस कुंदन के गिरफ्तारी का भी प्रयास कर रही है।
