सीपीआरओ राजेश कुमार ने बताया कि श्रमिक दिवस के अवसर पर देश के विभिन्न भागों में रूके हुए प्रवासी मजदूर, तीर्थयात्री, छात्र, पर्यटक तथा अन्य लोगों के लिए तेलंगाना के लिंगमपल्ली से झारखंड के हटिया के लिए प्रथम श्रमिक स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया गया। साथ ही कुल छह जगहों के लिए भी शुक्रवार को ट्रेनें खुली हैं।
6 श्रमिक स्पेशल ट्रेन का परिचालन
केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर रेलवे ने नासिक से दो, राजस्थान से दो और तेलंगाना से एक समेत कुल छः ट्रेन शुक्रवार को अलग अलग स्टेशन के लिए खोली है।
1- लिंगमपल्ली से हटिया
2- आलुवा से भुवनेश्वर
3- नासिक से लखनऊ
4- नासिक से भोपाल
5- जयपुर से पटना
6- कोटा से हटिया
बरती जा रही सावधानी
रेलवे द्वारा यात्रियों की स्क्रीनिंग, सामाजिक दूरी बनाए रखने सहित सभी तरह की जरूरी सावधानियां बरती जा रही है। दानापुर डीआरएम सुनील कुमार ने बताया कि विशेष रेलगाडि़यां संबंधित दोनों राज्य सरकारों के अनुरोध पर एक जगह से दूसरी जगह के बीच चलेगी। इसके लिए नोडल अधिकारी भी तैनात होंगे।
वही आयेंगे जिनमे नहीं होंगे कोरोना के लक्षण
यात्रियों को भेजने वाले राज्यों द्वारा उनकी जांच की जाएगी और यात्रा की अनुमति केवल उन्हीं लोगों को दी जाएगी जिनमें कोई लक्षण नहीं पाया जायेगा। भेजने वाली राज्य सरकारों को इन लोगों को ट्रेन में बिठाने के लिए निर्धारित रेलवे स्टेशन तक सैनिटाइज्ड बसों में बैठाकर सामाजिक दूरी के नियमों और अन्य सावधानियों का पालन करते हुए जत्थों में लाना होगा। प्रत्येक व्यक्ति के लिए फेस कवर लगाना अनिवार्य होगा। भेजने वाले राज्यों द्वारा शुरुआती स्टेशन पर उनके लिए भोजन और पानी उपलब्ध कराया जाएगा। रेलवे यात्रियों के सहयोग से सामाजिक दूरी के मानदंडों और स्वच्छता सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा।
रेलवे और प्रशासन से जुड़े अधिकारियों ने लिया जाएजा
जयपुर से दानापुर के लिए शुक्रवार की रात दस बजे चलने वाली श्रमिक एक्सप्रेस के दानापुर पहुँचने को लेकर जरूरी तैयारियों का निरीक्षण प्रशासन और रेलवे के अधिकारियों ने किया। दानापुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार ने बताया कि जयपुर से दानापुर के लिए चली ट्रेन दोपहर एक बजे के आसपास दानापुर पहुंचेगी। 24 बोगी वाली ट्रेन को दानापुर पहुंचने पर जरूरी तैयारी की जा चुकी है। प्रशासन और रेलवे की संयुक्त टीम ने शुक्रवार की शाम स्टेशन का निरीक्षण किया।
डीआरएम ने बताया कि ट्रेन के पहुंचने पर यात्रियों के जरूरी जाँच और उन्हें गंतव्य तक पहुँचाने को लेकर जरूरी तैयारियां प्रशासन की ओर से की जा रही हैं। डीआरएम ने बताया कि पटना के जिलाधिकारी कुमार रवि के साथ एसडीओ और प्रशासन से जुड़े अफसरों के अलावा रेलवे के अधिकारियों ने जरूरी तैयारियों का जायजा लिया है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से जरूरी मानकों का पालन करते हुए सबकी स्क्रीनिंग करने के बाद सबको गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था प्रशासन की ओर से की जा रही है। दानापुर स्टेशन के बाहर प्रशासन की ओर से पर्याप्त बसों की व्यवस्था की जा रही है। बसों में सभी को लॉक डाउन का पालन करते हुए जाना होगा। साथ ही सभी को पहले क्वारंटाईन में रहना होगा।