Kosi Live-कोशी लाइव बिहार:प्रेमी के बुलावे पर रात को घर से निकली युवती, सुबह मक्के की खेत में मिली लाश, जानिए मामला...bihar news in hindi - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, May 8, 2020

बिहार:प्रेमी के बुलावे पर रात को घर से निकली युवती, सुबह मक्के की खेत में मिली लाश, जानिए मामला...bihar news in hindi

मुजफ्फरपुर। जिला अंतर्गत सकरा थानाक्षेत्र के चंदनपटी हाईस्कूल के पीछे मक्के के खेत में 25 वर्षीया युवती की लाश मिली। उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। युवती पड़ोस के गांव की थी। पोस्टमार्टम में गले की हड्डी टूटने से मौत की बात बताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से युवती का मोबाइल, चप्पल व चाकू बरामद किया है। घटनास्थल आसपास मक्का का पौधा टूटा हुआ है।

इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि युवती ने जान बचाने के लिए काफी संघर्ष किया। हत्या के आरोपित चांदपुर चिकनौटा गांव के उसके प्रेमी गुजनेश राय को जब पुलिस गिरफ्तार करने गई तो वह पंखे में रस्सी का फंदा लगाकर खुदकशी का प्रयास कर रहा था। रस्सी टूट जाने के कारण इसमें वह सफल नहीं हो पाया। गंभीर स्थिति में पुलिस ने उसे सकरा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया। उसने घटना में तीन अन्य के शामिल होने की बात बताई है। 

 युवती व उसके प्रेमी के बीच बुधवार की रात लगभग 11.45 बजे तक मोबाइल से बातचीत का साक्ष्य मिला है। युवती की लाश को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि उन्हें पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 

प्रेमी के बुलावे पर रात को निकली थी घर से 

युवती के पिता ने बताया कि वह अविवाहित थी। उससे छोटी बहन की शादी हो गई थी। लेकिन वह उनकी सेवा के लिए शादी नहीं कर रही थी। पिता के बयान पर सकरा थाना के चांदपुर चिकनौटा निवासी गुजनेश राय को आरोपित बनाया है। 

प्राथमिकी में कहा है कि गुजनेश से उनकी पुत्री का प्रेम संबंध था। रात लगभग 11 बजे तक वह घर में टीवी देख रही थी। गुजनेश ने मोबाइल पर कॉल कर उसे बुलाया। उसी के बुलावे पर वह घर से बाहर निकली थी। उसी ने उसकी हत्या कर दी। 

तीन बहनों में सबसे बड़ी थी युवती 

पिता ने बताया उसे तीन पुत्रियां हैं। इसमें बीच वाली पुत्री की शादी हो गई थी। एएसपी (पूर्वी) अमितेश कुमार ने कहा कि आरोपित गुजनेश युवती को बुलाकर ले गया था। मृत युवती से दुष्कर्म का साक्ष्य नहीं मिला है। उसके पास से मिले मोबाइल के कॉल डिटेल में युवती व आरोपित गुजनेश से रात के 11.45 बजे तक बातचीत का साक्ष्य है। गुजनेश ने खुदकशी का प्रयास किया था। उसे बचा लिया गया और एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है।