सहरसा। कोरोना वायरस संक्रमण महामारी के वैश्विक संकट के बीच सहरसा में बुधवार को फिर एक सुखद एवं अच्छी खबर आई। कर्पूरी छात्रावास, सहरसा स्थित क्वारंटाइन केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग के उपचार में रह रहे कुल 11 कोरोना पॉजिटिव मरीज स्वस्थ्य हुए हैं। सभी को होम क्वारंटाइन में रहने हेतु डिस्चार्ज कर दिया गया।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने उक्त सभी स्वस्थ्य हुए कोरोना पॉजिटिव व्यक्तियों को स्वस्थ्य होकर कोरोना संक्रमण से मुक्त होने पर उन्हें शुभकामनाएं दी और उन्हें गुलाब का फूल भेंट किया। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, च्वयवनप्राश, चॉकलेट आदि का किट प्रदान किया गया। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने भी कोरोना जंग जीतने वाले योद्धाओं की हौसला आफजाई की। जिलाधिकारी ने स्वस्थ्य हुए सभी व्यक्तियों से उनका हाल चाल पूछा। स्वस्थ्य हुए व्यक्तियों ने इलाज करने वाले चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी, क्वारंटाइन केन्द्र की व्यवस्था में लगे कर्मियों का आभार जताया। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व बारह कोरोना संक्रमित व्यक्तियों को कर्पूरी छात्रावास के क्वारंटाइन केन्द्र पर उपचार के बाद स्वस्थ्य होने पर डिस्चार्ज किया जा चुका है। इस प्रकार अबतक कुल 23 कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्त हुए व्यक्तियों को होम क्वारंटाइन हेतु डिस्चार्ज किए गये हैं
जिले में मिले पांच कोरोना पॉजिटिव
सहरसा: कोविड 19 के संदर्भ मे अद्यतन जानकारी देते हुए जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि बुधवार को पांच नये कोरोना संक्रमण सैंपल पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से तीन सैंपल पहले के पॉजिटिव सैंपल का दुबारा सैंपल लिए गये थे जो पुन: पॉजिटिव पाये गये हैं एवं दो नये सैंपल पॉजिटिव हुए हैं। नये दो पॉजिटिव केस क्वारांटाइन केन्द्र का है। बताया कि सहरसा जिला में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 61 हो गयी है। कुल 1279 सैंपल लिये गये हैं जिसमें से 28 सैम्पल का जांच रिपोर्ट अभी लंबित है। शेष 1190 सैंपल नेगेटिव पाये गये हैं। 61 पॉजिटिव में से 23 पॉजिटिव रिकवर हो चुके हैं, जिन्हें होम क्वारांटाइन के लिए डिस्चार्ज कर दिया गया है। इस प्रकार अभी सहरसा जिला में एक्टिव कोरोना पॉजिटिव की संख्या 38 रह गई है†ा जिनका कर्पूरी छात्रावास, सहरसा स्थित आइसोलेशन केन्द्र पर स्वास्थ्य विभाग की देख रेख में उपचार किया जा रहा है। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने जिलावासियों से अनुरोध है कि कोरोना वायरस संक्रमण का संकट अभी भी बरकरार है। सभी से व्यक्तिगत अनुरोध रहेगा कि वे घर पर रहें, घर पर रह कर सुरक्षित रहें । घर पर ही रह कर कार्य करें। लॉकडाउन के संदर्भ में जो छूट मिली है उसका अनावश्यक प्रयोग ना करें। केवल जरूरत का सामान लेने के लिए या जरूरत पडने पर ही शारीरिक दूरी एवं अन्य सावधानियों को अपनाते हुए ही बाहर निकलें।