Kosi Live-कोशी लाइव Coronavirus Update : लॉक डाउन में बांटते रहे गरीबों में फल, अब खुद निकले कोरोना पॉजिटिव; लड़ चुके विधानसभा चुनाव - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, April 16, 2020

Coronavirus Update : लॉक डाउन में बांटते रहे गरीबों में फल, अब खुद निकले कोरोना पॉजिटिव; लड़ चुके विधानसभा चुनाव

रांची: Coronavirus Jharkhand News Update रांची के मेन रोड स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाले नए कोरोना पॉजिटिव विधानसभा का निर्दलीय चुनाव लड़ चुके हैं। वह पेशे से ठेकेदार हैं। एकरा मस्जिद में नमाज अदा करने जाते थे। इस लॉकडाउन में उन्होंने गरीबों के बीच फल एवं भोजन का भी वितरण किया है। उनसे संपर्क में आनेवाले सैकड़ों लोगों के संक्रमण का खतरा है। 

वे जिस अपार्टमेंट में रहते हैं, उसमें 16 फ्लैट्स हैं। अपार्टमेंट में करीब 100 लोग रहते हैं। उनके अपार्टमेंट में रहने वालों पर भी संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन गुरुवार को पूरे अपार्टमेंंट के लोगों को क्वारंटान के लिए भेजेगा। इसके साथ ही सभी का सैंपल लिया जाएगा। 

ठेकेदार ने खुद अपना और पूरे परिवार का कोरोना का टेस्ट कराया था। बुधवार की रात कोरोना जांच की रिपोर्ट आई। उनके परिवार में कुल छह सदस्य हैं। इनमें केवल ठेकेदार ही कोरोना संक्रमित पाए गए। हाल के कुछ दिनों में वह घर में रह रहे थे। वे जिस अपार्टमेंट में रहते हैं उसकी लिफ्ट का सभी लोग इस्तेमाल करते हैं। ठेकेदार सहित उनके परिवार के कुल छह सदस्यों को क्वारंटाइन कर दिया गया है।

सिमडेगा और सीमावर्ती जिलों के लिए मुसीबत बना संक्रमित जमाती

सिमडेगा क्षेत्र में संक्रमित तब्लीगी युवक का धुआंधार मूवमेंट देख पुलिस-प्रशासन की भी चिंता बढ़ गई है। संक्रमित युवक और उसके परिवार को तो क्वारंटाइन कर दिया गया है, लेकिन युवक के संपर्क में आए लोगों को क्वारंटाइन कर उनकी जांच कराना बड़ी चुनौती साबित हो रही है। युवक का मोबाइल लोकेशन बता रहा कि लॉकडाउन में भी वह दूसरे जिले में घूम रहा था। वह सिमडेगा के विभिन्न इलाकों के साथ-साथ लोहरदगा, गुमला और रांची के ग्रामीण इलाकों में भी गया था। उसके संपर्कों के अनुसार संक्रमण का दायरा बड़ा हो सकता है। 

युवक के जमाती ग्रुप से रहने के कारण विभाग की चिंता  बढ़ गई है। जानकारी के मुताबिक उक्त युवक रांची के चान्हो क्षेत्र के बालसोगरा भी जमात के कार्यक्रम में शामिल होने गया था। हालांकि विभाग का मानना है कि युवक अभी भी अपनी ट्रेवल हिस्ट्री के बारे में साफ-साफ नहीं बता रहा है। उससे पूछताछ जारी है। 

उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरनवाल ने बताया कि संक्रमित युवक को 4 अप्रैल को खैरनटोली, सिमडेगा में बने क्वारंटाइन केंद्र में रखा गया था। उसके सैंपल की जांच कर 14 मार्च की शाम उसे कोरोना पॉजिटिव घोषित किया गया। अभी शांति भवन मेडिकल सेंटर सिमडेगा में उसका इलाज चल रहा है। ठेठईटांगर में मरीज के गांव के आसपास तीन किलोमीटर के क्षेत्र को सील कर दिया गया है। वहीं खैरनटोली स्थित क्वारंटाइन सेंटर के आसपास का क्षेत्र में भी आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। 

रांची के हिंदपीढ़ी में भी रुका था तीन दिन 

अब तक मिली जानकारी के अनुसार संक्रमित युवक 18 मार्च को अपने दो साथियों के साथ कोलेबिरा (सिमडेगा) के रसिया गया था। रसिया से 20 मार्च को सभी रांची पहुंचे और ङ्क्षहदपीढ़ी में 3 दिन तक रुके। इसके बाद सभी रांची के चान्हो क्षेत्र के बलसोगरा के एक मस्जिद में कई दिन रुके थे। यहां जमात का आयोजन भी हुआ था। 30 मार्च की रात सभी लोग अपनी गाड़ी से ठेठईटांगर पहुंचे। लोहरदगा के भी कुछ इलाकों में वह गया। 

रांची के चान्हो में भी हुआ था जमात का आयोजन 

सिमडेगा में जो युवक कोरोना पोजिटिव मिला है, उसका मोबाइल लोकेशन रांची के चान्हो में भी मिला है। यहां उसने जमात का भी आयोजन किया था। चान्हो के सीओ प्रवीण कुमार सिंह की अगुवाई में युवक से मिलने वाले लगभग 25 लोगों को क्वारंटाइन किया जा रहा है। साथ ही अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार जमात के लोग (जिसमें वह युवक भी शामिल था) 21 मार्च को गांव में आए थे। 22 मार्च को जनता कफ्र्यू एवं 23 से लॉक डाउन की घोषणा के कारण वे लोग मस्जिद से कहीं बाहर नहीं जा पाए थे।

मरकज में भाग लेने गए गुमला के छह लोग अब भी ट्रेसलेस

दिल्ली के निजामुद्दीन में हुए मरकज में भाग लेने गुमला के गए छह लोगों का अब तक पता नहीं चल सका है। जिला प्रशासन द्वारा उन लोगों का पता लगाने के लिए समय-समय पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। माना जा रहा है कि ये लोग कहीं छिपकर रह रहे हैैं। उपायुक्त शशि रंजन ने कहा कि उनलोगों का पता लगाया जा रहा है। 

-----------