सहरसा। लॉकडाउन का पालन ही कोरोना से बचाव का एक मात्र उपाय है। लेकिन लोग अब भी इस बात को नहीं समझ पा रहे हैं। जिस कारण प्रशासन की मुश्किलें बढ़ती रहती है। महिषी थाना क्षेत्र में अब एसटीएफ के जवान लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने में जुटे हैं। बेवजह सड़क पर घूमने वालों को सजा दी जा रही है। लोगों को राशन, फल, सब्जी जैसे आवश्यक सामग्री खरीदते समय शारीरिक दूरी के पालन का आग्रह किया जाता है। एएसआई विनोद राय ने बताया कि एसटीएफ के जवानों के साथ गश्ती वाहन सभी गांव जा रही है और लोगों को लॉकडाउन के पालन को लेकर जागरूक कर रही है। साथ ही बेवजह सड़क पर घुमते पकड़े जाने पर उन्हें दंड भी दे रही है। वाहनों की जांच की जा रही है और बिना अनुमति निकलने वाले वाहनों से जुर्माना वसूला जा रहा है।