सहरसा। कोरोना से जारी जंग के बीच लॉकडाउन का लोग उल्लंघन करने से बाज नहीं आ रहे हैं। यही नहीं शहरी क्षेत्र में कई दुकान ऐसे भी खुल रहे हैं जिसकी अनुमति सरकार ने नहीं दी है। लोग दवा, बीमारी व सब्जी लाने के बहाने बाइक व चार पहिया वाहन से बाजारों में घूमते नजर आते हैं।
गुरुवार को थाना चौक पर सदर थानाध्यक्ष आरके सिंह व यातायात प्रभारी नागेन्द्र राम की अगुवाई में जब वाहनों की चेकिग की गई तो सभी लोग अलग-अलग बहाना बनाते दिखे। कोई दवा लेने तो कोई बीमार रहने की बात कहते नजर आए। हालांकि इस दौरान करीब डेढ़ दर्जन वाहन को जब्त कर जुर्माना की वसूली की गई। इसके अलावा शहरी क्षेत्र के गांधी पथ में कई ऐसे दुकान खुले दिखे जिसे खोलने की अनुमति सरकार द्वारा अभी नहीं दी गई है। यही नहीं थाना के सामने भी कई दुकान खुले हुए थे। जबकि सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, पुनि राजमणि, द्रवेश कुमार, अभिषेक अंजन, मजबुद्?दीन आदि द्वारा लगातार लोगों से लॉकडाउन का पालन करने का अनुरोध किया जा रहा था। बावजूद लोग बिना मास्क लगाए शहर की सड़कों पर बेवजह घूमते नजर आ रहे थे। मामले में थानाध्यक्ष ने कहा कि कुछ दुकानों को छूट दी गई है। लेकिन जिसे अनुमति नहीं मिली है वैसे दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।