सहरसा। सदर थाना क्षेत्र के जेल गेट के समीप एक पुलिस जवान को बाइक सवार बदमाश ने गोली मार दी। गोली लगने से जख्मी जवान का सूर्या हॉस्पीटल में इलाज चल रहा है। हालांकि अभी तक घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है, किंतु पुलिस पारिवारिक विवाद समेत अन्य कई बिन्दुओं पर छानबीन में कर रही है।
जख्मी जवान मुंगेर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पहाड़कट्टी गांव का निवासी संतोष कुमार सुमन ने बताया कि लॉकडाउन को लेकर उसकी ड्यूटी स्टेडियम में लगी हुई है।
गुरुवार को वह स्टेडियम से खाना खाने के लिए पुलिस लाइन की ओर पैदल जा रहा था कि जेल गेट से आगे बढ़ते ही एक बाइक पर सवार बदमाश ने उसे गोली मार दी। गोली मारने के बाद बदमाश बाइक लेकर भाग निकला जिसके बाद जेल गेट पर तैनात पुलिस जवानों ने वरीय पुलिस अधिकारी को सूचना देकर जख्मी को सूर्या हॉस्पीटल में भर्ती कराया। यह सूचना मिलते ही कोसी रेंज के डीआइजी सुरेश प्रसाद चौधरी, एसपी राकेश कुमार, सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, सदर थानाध्यक्ष आरके सिंह, अनि द्रवेश कुमार व अन्य घटनास्थल पर पहुंचे और जेल गेट पर तैनात संतरी से मामले की जानकारी ली। जिसके बाद सभी अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर जख्मी के संबंध में पूछताछ की।
----
मोबाइल व सीसीटीवी को खंगाल रही है पुलिस
----
पुलिस इस मामले में जेल में लगे सीसीटीवी कैमरे काफुटेज और जख्मी के मोबाइल को खंगालने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, जख्मी का अपने पत्नी से वर्ष 2016 में ही तलाक हो चुका है। वर्तमान में कहीं उसकी शादी होने वाली थी। जिस लड़की से वह बातचीत करता था। वहीं पुलिस को जख्मी का बयान पच नहीं रहा है। जख्मी का कहना था कि बाइक पर सिर्फ एक बदमाश सवार था जो हाफ गंजी व हाफ पैंट पहने हुआ था। जबकि पुलिस का मानना है कि लॉकडाउन में जगह-जगह पुलिस की तैनाती की गई है और कोई बदमाश हाफ गंजी और हाफ पैंट में हथियार लेकर बाइक से पहुंचकर पीछे से गोली मारने के बाद फिर बाइक लेकर कैसे फरार हो गया।
---
कोट
प्रथम²ष्टया में पारिवारिक विवाद में गोली मारने की बातें सामने आ रही है। सभी बिन्दुओं पर छानबीन की जा रही है। जख्मी की स्थिति ठीक है। जल्द ही मामला उजागर हो जाएगा।
सुरेश प्रसाद चौधरी, डीआइजी, कोसी रेंज, सहरसा