जहानाबाद. बिहार के जहानाबाद जिले में लॉकडाउन के कारण बेटी की शादी स्थगित होने से परेशान एक पिता ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। घटना कल्पा ओपी क्षेत्र के छोटी कल्पा गांव की है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। मृतक कल्पा पंचायत के पूर्व मुखिया टिल्लू सिंह का छोटा भाई शिवाधार सिंह उर्फ बाढो सिंह है।
घटना के संबंध में मृतक के बेटे अभिषेक कुमार ने बताया कि घर में छोटी बहन की शादी थी। 19 अप्रैल को तिलक और 25 अप्रैल को बारात आने वाली थी। शादी की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थी। लॉकडाउन की अवधि दोबारा बढ़ाई गई तो शादी की तिथि को स्थगित करना पड़ा। इस बात को लेकर वे कई दिनों से परेशान चल रहे थे। इसी को लेकर बुधवार देर रात उन्होंने गोली मारकर आत्महत्या कर ली
पुलिस का कहना है शुरूआती जांच में यह सामने आया है कि डिप्रेशन के चलते यह कदम उठाया गया है। हालांकि, पूरी जांच के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी। जांच में यह भी सामने आया है कि जिस हथियार से गोली मारी गई है उसका लाइसेंस नहीं था। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि रिवॉल्वर किसका है और यह घर में कहां से आई।