Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:किराएदार पर आ गया था पत्नी का दिल, पति ने किया विरोध तो प्रेमी से करा दी निर्मम हत्या - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, April 17, 2020

BIHAR NEWS:किराएदार पर आ गया था पत्नी का दिल, पति ने किया विरोध तो प्रेमी से करा दी निर्मम हत्या

मुजफ्फरपुर। किराएदार के साथ अवैध संबंध के पागलपन में एक पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या करवा दी। जिस वक्त प्रेमी उसके पति की हत्या कर रहा था उस वक्त बिस्तर पर वह भी मौजूद थी। मृतक का नाम राजेश सिंह था और वह एक शिक्षक था। उसे 20 से 25 चाकू मारा गया है। पुलिस ने आरोपी पत्नी रीना देवी को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसका प्रेमी मनीष वारदात के बाद फरार हो चुका है।

पत्नी पर आरोप है कि पूर्व में पत्नी रीना मृतक को जेल भी भिजवा चुकी थी, क्योंकि राजेश पत्नी के अवैध संबंधों का विरोध करता था। यह मामला अभी भी कोर्ट में चल रहा है, लेकिन इस बार पत्नी ने प्रेेमी के साथ मिलकर पति राजेश को रास्ते से ही हटा दिया।

जानकारी के मुताबिक राजेश सिंह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ अहियापुर के नाजिरपुर में रहता था। राजेश का तीन मंजिला मकान है, जिसमें कई किरायेदार रहते हैं। बताया जा रहा है कि करीब दो साल से उसकी पत्नी रीना का अपने एक किरायेदार मनीष से अवैध संबंध चल रहा था। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच काफी विवाद होता था और अक्सर मारपीट भी होती रहती थी।

राजेश किराएदार मनीष को घर छोड़ने के लिए कई बार कह चुका था, जिसके बाद राजेश का मनीष से झंझट भी हो चुका था, लेकिन हर बार रीना उसका बचाव करती थी। एक बार तो मनीष के बहकावे में ही रीना ने राजेश पर गलत आरोप लगाकर जेल भिजवा दिया था।

बीती रात पति-पत्नी अपने घर के नीचे वाली मंजिल के कमरे में सो रहे थे और बच्चे ऊपरी मंजिल के कमरे में सो रहे थे। रात करीब तीन बजे मनीष चाकू लेकर पति-पत्नी के कमरे में दाखिल हो गया और फिर रीना के साथ बिस्तर पर सो रहे राजेश सिंह पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। रीना भी उसी बिस्तर पर मौजूद थी, लेकिन उसने न तो शोर मचाया और न ही पुलिस को फोन किया।

वारदात को अंजाम देने के बाद मनीष फरार हो गया, जिसके बाद रीना जोर-जोर से रोने लगी। घटना के काफी देर गुजर जाने के बाद भी उसने अपने बच्चों या पुलिस को इतनी बड़ी वारदात की जानकारी तक नहीं दी।

रीना के रोने की आवाज सुन राजेश के अन्य किरायेदारों ने अहियापुर थाना पुलिस को इस जघन्य हत्याकांड की जानकारी दी और पुलिस जब पहुंची तो रीना भी खून से लथपथ थी। उनका पूरा बिस्तर अस्त-व्यस्त था और राजेश का लहूलुहान शव बिस्तर के नीचे पड़ा था। अहियापुर पुलिस की सूचना पर नगर डीएसपी रामनरेश पासवान और सीटी एसपी नीरज कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और सबसे पहले पत्नी रीना को हिरासत में ले लिया।

रीना और राजेश की बेटी ने दबी जुबान में रीना और मनीष के संबंधों का इशारा किया है और रीना का भी कहना है कि राजेश की हत्या मनीष ने ही की है और घटना के वक्त वह जगी हुई थी।  हालांकि उसने पुलिस को अपना और मनीष का मोबाइल नंबर नहीं बताया है। इस बीच सिटी एसपी नीरज सिंह नें खुद पूरे कमरे की गहराई से तलाशी ली।

अहियापुर थानेदार विकास कुमार ने बताया कि पति की हत्या के बाद रीना देवी ने पुलिस को सूचना नहीं दी, यह कई सवाल खड़े करता है। कमरे में मृतक के साथ उसकी पत्नी ही थी, ऐसे में रात के तीन बजे मनीष को कमरे जाने के लिए दो दरवाजे किसने खोले, यह भी बड़ा सवाल है।

इधर, सीटी एसपी नीरज सिंह का कहना है कि इस घटना के कई पहलू हैं। पुलिस हर ऐंगल से जांच कर ही है फिलहाल आरोपी रीना को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही उनके बच्चों से भी पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है। उन्हें पुलिस ने अपनी सुरक्षा में रखा है। राजेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि रीता देवी का चरित्र संदेहास्पद है। उसके घर पर हमेशा अपरिचित पुरुषों का आना-जाना लगा रहता है। किराएदार मनीष  से रीता का अवैध संबंध था और राजेश इसका विरोध करता था।