पटना। Bihar Coronavirus News Update: बिहार में सोमवार को करीब डेढ़ दिन बाद कोरोना (CoronaVirus) के दो नए मामले मिले। बेगूसराय व नालंदा के दो युवकों के सैंपल कोरोना पॉजिटिव (Corona Positive) मिले। इसके पहले शनिवार को चार मामले मिले थे, जिनमें दो बेगूसराय के ही थे। सोमवार को मिले मामले को जोड़ दें तो बेगूसराय में कोरोना मरीजों का संख्या आठ हो गई है। राज्य के सर्वाधिक 29 मामले सिवान से मिले हैं। जबकि, आठ मामलों के साथ बेगूसराय बिहार में कोरोना का दूसरा हॉट स्पॉट (Hot Spot) बन गया है। इसके साथ बिहार में कोरोना पॉजिटिव लोगों का आंकड़ा 66 पहुंच गया है।
बेगूसराय का युवक मिला कोरोना पॉजिटिव
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को बेगूसराय (Begusarai) का एक 34 साल का युवक कोरोना पॉजिटिव मिला। प्रशासन अब उसके संपर्कों की पड़ताल में लगा है। इसके पहले शनिवार को नवादा व बेगूसराय के दो-दो मामले मिले थे। नवादा (Nawada) का 45 साल के एक पुरुष तथा एक लड़की को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। लड़की नवादा के पहले से कोरोना पाॅजिटिव मरीज से संपर्क रही थी। शनिवार को बेगूसराय के एक युवक व एक वृद्ध को भी संक्रमित पाया गया था।
नया कोरोना हॉट स्पॉट बना बेगूसराय
आंकड़ों को देखें तो सिवान (Siwan) कोरोना का हॉट स्पॉट बनकर उभरा है। बेगूसराय दूसरा हॉट स्पॉट बनकर उभरा है। बेगूसराय में आठ मरीज मिल चुके हैं। सिवान के बाद संक्रमण का यह आंकड़ा दूसरे स्थान पर है।
कई इलाके साल, लॉकडाउन काे ले सख्ती
इसे देखते हुए वहां प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित तेघड़ा अनुमंडल की सीमाओं को सील कर दिया गया है। बखरी अनुमंडल के कुछ गांवों को भी सील किया गया है। वहां लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। इसके लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है।
24 घंटे काम कर रहा जिला नियंत्रण कक्ष
जिलाधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि बेगूसराय में मिले छह संक्रमितों का संबंध पहले पाए गए संक्रमित से रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 72 लोगों को आइसोलेशन वार्डों में रखा गया है। किसी प्रकार की सूचना व सहायता के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष 24 घंटे काम कर रहा है।
बिहार का बड़ा हॉट स्पॉट बना सिवान
बिहार में अभी तक के सर्वाधिक 29 मामले सिवान में मिले हैं। सिवान के रघुनाथपुर स्थित पंजवार गांव से सर्वाधिक मामले मिले हैं। उनमें से छह संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। जबकि, 23 का इलाज चल रहा है।
अभी तक केवल एक मौत, 29 हुए स्वस्थ
राहत की खबर यह है कि राज्य में अभी तक कोरोना से केवल एक मौत हुई है। मृतक मुंगेर (Munger) का रहने वाला था। उसके संपर्क में आने के कारण मुंगेर सहित बिहार के कई इलाकों में कोरोना का संक्रमण फैला, लेकिन उस संक्रमण की चेन को तोड़कर अब मुंगेर को काेरोना से मुक्त किया जा चुका है। राज्य के अब तक मिले 66 मरीजों में कुल 29 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।