Kosi Live-कोशी लाइव CBSE: सीबीएसई का प्रश्नपत्र लीक की फर्जी खबर पर 76 यू-ट्यूब चैनलों पर केस - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, March 6, 2020

CBSE: सीबीएसई का प्रश्नपत्र लीक की फर्जी खबर पर 76 यू-ट्यूब चैनलों पर केस

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने यू-ट्यूब पर चल रहे 76 लिंक पर प्राथमिकी दर्ज की है। इन यू-ट्यूब पर सीबीएसई के 10वीं और 12वीं परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक होने, प्रश्न पत्र की खरीदारी जैसी खबरों से विद्यार्थियों को गुमराह किया जा रहा है। इतना ही नहीं, इन्हें फर्जी वीडियो यू-ट्यूब पर डाला भी जा रहा है।
अब इन वीडियो को देखकर अभिभावक और विद्यार्थी बोर्ड ऑफिस फोन कर रहे हैं। इसके अलावा बोर्ड की टेली काउंसिलिंग में भी परीक्षार्थी इस संबंध में कई प्रश्न पूछ रहे हैं। परीक्षार्थी और अभिभावकों को गुमराह होने से बचाने के लिए बोर्ड ने इन यू-ट्यूब चैनल पर कार्रवाई की है। सीबीएसई की मानें तो इन सभी चैनलों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है। अभिभावक इन फर्जी खबर देने वाले चैनलों को जान पायें, इसके लिए बोर्ड ने 76 यू-ट्यूब चैनल के लिंक की सूची जारी की है। इस सूची को बोर्ड वेबसाइट पर डाला गया है। बोर्ड के सचिव अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि अभिभावक बोर्ड वेबसाइट पर जाकर अफवाह फैलाने वाले यू-ट्यूब चैनल के लिंक को देख सकते हैं। ये चैनल 2018, 2019 और अब 2020 में भी फर्जी और अफवाह फैलाने वाली खबरें चला रहे हैं। इससे परीक्षार्थी गुमराह हो रहे हैं।
अभिभावक न दें ध्यान:  सीबीएसई ने तमाम अभिभावकों को आश्वस्त किया है कि प्रश्न पत्र लीक करने की केवल अफवाहें हैं। प्रश्न पत्र को बार कोड से जोड़ा गया है। ऐसे में प्रश्न पत्र के बाहर आने का सवाल ही नहीं उठता है। अगर कोई प्रश्न पत्र के बदले पैसे की मांग कर रहा है तो तुरंत सीबीएसई से संपर्क करके इसकी जानकारी दें। फर्जी खबर देने वाले चैनल या व्यक्ति को पकड़ने के लिए बोर्ड ने आईटी सेल बनाया है।