कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सहरसा। शुक्रवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभागार में राजस्व से संबंधित मासिक समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक में विलंब से पहुंचे सिमरी बख्तियारपुर के सीओ तथा अनुपस्थित कई राजस्व कर्मचारियों से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया। वहीं जल, जीवन व हरियाली अभियान के अंतर्गत तालाब व पोखर की राजस्व ग्रामवार अंतिम सूची की समीक्षा में जिलाधिकारी ने निजी एवं सार्वजनिक तालाबों की तैयार सूची संबंधित मुखिया को हस्तगत कराने का निर्देश दिया। कहा कि मुखिया से इस संबंध में प्रतिवेदन प्राप्त कर लें कि कहीं कोई तालाब/पोखर छूटा हुआ है या नहीं। सभी सीओ एवं बीडीओ मुखिया के साथ बैठक कर एवं पुन: समीक्षा कर आश्वस्त हो लें कि कोई तालाब या पोखर सूची से बाहर नहीं है। इसके बाद भी यदि कोई तालाब पोखर छूटा हुआ पाया गया तो संबंधित राजस्व कर्मचारी एवं अंचलाधिकारी के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। अपर समाहर्ता को सांसद एवं विधायक से संपर्क कर यदि अतिरिक्त कोई सूची हो तो प्राप्त करने को कहा गया। निजी एवं सार्वजनिक कुओं के सत्यापन कार्य में एरियल सर्वे के आधार पर चिह्नित कुओं की सूची का सत्यापन कर अंचलाधिकारी को संतुष्ट होने तथा कोई सार्वजनिक कुआं छूटा न हो इस संबंध में प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया।
----
भूमि क्रय करने का दिया निर्देश
-----
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान बसेरा के अंतर्गत वंचित लाभार्थियों को क्रय नीति के अंतर्गत भूमि क्रय कर उन्हें उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। भूमिहीन परिवार यदि किसी सरकारी भूमि पर वास कर रहे हों तो नापी कराकर उन्हें उक्त भूमि का अभिलेख/पर्चा उपलब्ध करा दें। महादलित व अनुसूचित जाति-जनजाति समुदाय के भूमिहीन परिवारों को भूमि सुरक्षा देने को कहा गया। उन्होंने सभी सीओ को प्रक्रियाएं पूरी कर अप्रैल, 2020 माह के अंत तक प्रति अंचल एक सौ लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित कर अभियान के अंतर्गत एक हीं दिन शिविर लगाकर पर्चा वितरण करने के निर्देश दिया। भू-लगान संग्रहण की उपलब्धि पर असंतोष जताते हुए जिलाधिकारी ने सभी राजस्व कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे हर मौजा में जाकर अधिक-से-अधिक ऑनलाइन एवं ऑफलाइन भू-लगान रसीद काटें। ऑन लाइन दाखिल खारीज की समीक्षा में साठ दिन से अधिक लंबित मामलों के काफी संख्या में लंबित रहने पर क्षोभ व्यक्त किया गया। एनएच 107 में अतिक्रमण हटाने की समीक्षा करते हुए एनएच को अतिक्रमणमुक्त कराने का निर्देश दिया। बैठक में अनुपस्थित रहने वाले कहरा अंचल के राजस्व कर्मचारी चितेंद्र कुमार, रामनाथ प्रसाद, महिषी अंचल के चतुर्भूज मिश्र एवं जर्नादन सिंह, सलखुआ के कृष्ण कुमार पासवान, सिमरी बख्तियारपुर के जवाहर मुखिया, सोनवर्षा के धर्मेन्द्र कुमार एवं सौर बाजार के हेमंत कुमार यादव के एक दिन का वेतन स्थगित रखते हुए स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया गया। बैठक में अपर समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता समेत अन्य मौजूद थे।
