Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा।हल्की बारिश में ही कीचड़मय हुआ शहर, बढ़ी परेशानी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, March 14, 2020

सहरसा।हल्की बारिश में ही कीचड़मय हुआ शहर, बढ़ी परेशानी

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

सहरसा। शुक्रवार की देर शाम से हो रही हल्की बूंदाबूंदी के कारण शहर की हालत नारकीय हो गई है। कीचड़मय सड़क से लोगों को गुजरना मजबूरी बन गई है। कई जगहों पर फैली गंदगी व बजबजाती सड़क के कारण लोगों की परेशानी बढ़ रही है। सबसे खराब स्थिति दहलान चौक से गांधी पथ जाने वाली सड़क, बस स्टैंड सड़क मार्ग व नया बाजार में डा. गोपाल शरण सिंह के क्लीनिक की ओर जाने वाली सड़क का है। जबकि गंगजला चौक से नगरपालिका चौक की हालत, पॉलिटेक्निक ढाला सड़क, आरएम कॉलेज से तिवारी चौक की सड़क, हटियागाछी से तिवारी चौक जाने वाली सड़क की हालत काफी खराब है। गांधी पथ निवासी मो. फिरोज, मो. टुन्ना ने बताया कि इस सड़क मार्ग पर सालों भर पानी लगा रहता है। हल्की बारिश के बाद स्थिति नारकीय हो जाती है। लोगों को पैदल चलना दूभर हो जाता है। हालांकि अब मार्ग के कुछ दुकानदार खुद ईंट व मिट्टी गिराकर दुकान के समीप सड़क को बेहतर बनाने की कोशिश में जुटे दिखे

मोहल्लों की हालत भी है बदतर
शहर में कई ऐसे मोहल्ले हैं जहां न तो सड़क है और न ही नाला। जिस कारण सड़क कीचड़मय बन गया है। लोग घरों से निकलने में भी परहेज करते हैं। वार्ड नंबर पांच के कई इलाकों की हालत ऐसी है कि जहां लोग जाने से की कतराते हैं। रिफ्युूजी चौक से सराही जाने वाली सड़क, गांधी पथ से अशोक सिनेमा तक की सड़क में भी जलजमाव है। यही नहीं कई जगहों पर तो नालियों का पानी सड़क पर ही बह रहा है। गांधी पथ में डा. ईसर के क्लीनिक के समीप वैसे तो सालों भर पानी सड़कों पर ही बहता है परंतु फिलहाल स्थिति बदतर है। वैसे कुछ लोगों ने बताया कि लोग हल्की बारिश होते ही घरों का पानी भी पंप लगाकर सड़कों पर बहा देते हैं जिस कारण कई जगहों पर स्थिति और खराब हो जाती है।