कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
इसमें चार लाख की संपत्ति डकैतों के हाथ लगे। इसमें दो लाख नकद और दो लाख के गहने शामिल हैं। सात हथियारबंद डकैतों ने घटना को अंजाम दिया।
सहरसा। बिहार में अपराधियों का खौफ बढ़ता जा रहा है। वे अब आम आदमी ही नहीं, पुलिस वालों को भी निशाना बना रहे हैं। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। डकैतों ने थानेदार के घर में ही हाथ साफ कर दिया। हथियारों से लैस नकाबपोश डकैत कैश समेत लगभग चार लाख की संपत्ति ले भागे। घटना सहरसा के नरियार मोहल्ले का है। थानेदार की पोस्टिंग कटिहार में है। घटना की जानकारी मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारी पहुंच गए। डॉग स्क्वॉड की टीम भी पहुंची, लेकिन पुलिस के हाथ अभी खाली हैं।
जानकारी के अनुसार, कटिहार जिले के प्राणपुर में पदस्थापित थानेदार के सहरसा स्थित घर पर बीती रात डकैतों ने धावा बोला।
नरियार निवासी थानाध्यक्ष के ससुर रामबहादुर सिंह ने बताया कि वह और उनकी पुत्री रेणु घर पर थीं। घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। शाम करीब साढ़े सात बजे हथियारबंद बदमाश घर में घुस गए। इनमें से तीन नकाब पहने हुए थे। बदमाशों ने हथियार के बल पर दोनों को कब्जे में कर लूटपाट की। शोर मचाने पर जान से मारने की भी धमकी दी।
मामले की सूचना मिलते ही एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी व थानाध्यक्ष आरके सिंह ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की। पूरी रात छापेमारी कर कुछ लोगों से पूछताछ की गई। डॉग स्क्वॉड की टीम भी पहुंची। आसपास के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला गया। कुछ संदिग्धों को थाना लाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही प्राणपुर थानाध्यक्ष रंजन कुमार सिंह भी सहरसा पहुंच गए।
सहरसा सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि पीडि़त के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस घटना का जल्द पर्दाफाश कर घटना में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा। छापेमारी की जा रही है।
