कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सहरसा। हुजूर! मेरे बेटे के हत्यारे को पतरघट पुलिस पकड़ नहीं रही है। पुलिस इस मामले को ठंडे बस्ते में डाल रही है।
उक्त बातें गुरुवार को प्रखंड के निरीक्षण में आए डीएम कौशल कुमार से मृतक सुधीर की मां और बहन ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कही। पीड़ितों ने डीएम से इस मामले में एसपी से बातकर न्याय दिलाने की गुहार लगाई। डीएम ने इस पूरे मामले की जानकारी लेते हुए महिलाओं को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। डीएम ने बीडीओ दीपक राम को उक्त घटना के बाबत प्राथमिकी की छायाप्रति उपलब्ध कराने को कहा ताकि एसपी से इस संबंध में बात की जाए।
यह जानकारी देते पस्तपार पंचायत के जिरबा निवासी मीरा देवी ने बताया कि 06 जनवरी की रात अपनी बहन को संदेश देकर उनका पुत्र सुधीर यादव घर लौट रहा था कि पामा के कबैया बस्ती में एक खूंटे में बांधकर उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामले में प्राथमिक दर्ज की गयी। लेकिन एक महीने से अधिक वक्त बीत जाने के बाद भी हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। डीएम ने न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
