Kosi Live-कोशी लाइव बिहार: मछली की खुशी में पैक्स अध्यक्ष ने छलकाया जाम, पुलिस ने समर्थकों के संग धर दबोचा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, February 29, 2020

बिहार: मछली की खुशी में पैक्स अध्यक्ष ने छलकाया जाम, पुलिस ने समर्थकों के संग धर दबोचा

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

पटना। मछली लेकर आए समर्थकों को खुश करने के लिए रोहतास जिले के बिक्रमगंज के धांवा प्रखंड के पैक्स अध्यक्ष बलवंत कुमार सिंह को शराब की बोतल खोलना व जाम छलकाना महंगा पड़ा। शराब के नशे में वह तीन समर्थकों के साथ तेज आवाज में बात कर रहे थे। यह उनके अपार्टमेंट में रहने वाले दूसरे लोगों को नागवार गुजरा। उन्होंने पटना पुलिस के कंट्रोल रूम में इसकी सूचना दे दी। इसके बाद एसके पुरी थाने की पुलिस ने पैक्स अध्यक्ष समेत चारों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने बताया कि प्रांजल अपार्टमेंट में पैक्स अध्यक्ष के फ्लैट से मछली, शराब की बोतल, सिगरेट और गिलास बरामद हुए हैं। सभी को जेल भेज दिया गया है।
पैक्स अध्यक्ष ने बेटे को पटना में पढ़ाने के लिए डेढ़ साल पहले पश्चिमी बोरिंग कैनाल रोड के प्रांजल अपार्टमेंट में फ्लैट खरीदा था। यहां पत्नी और बेटे के साथ रहते थे। उनकी पत्नी शुक्रवार को बेटे के साथ गांव चली गईं। वे घर में अकेले थे, तभी उनके तीन समर्थक दिलीप मिश्र, दीपक कुमार और संजय उपाध्याय रोहतास से मछली लेकर आ गए। सबने मिलकर मछली बनाई। इस बीच बलवंत ने फोन कर शराब की होम डिलीवरी ली। सभी शराब के साथ मछली का खाते हुए जोर-जोर से बातें कर रहे थे। यह अगल-बगल के लोगों को बुरा लगा। उन्होंने पुलिस को कॉल कर दी और चारों को गिरफ्तार कर लिया गया।
–– ADVERTISEMENT ––

जब पुलिस शराब के नशे में बलवंत को एसके पुरी थाने लेकर पहुंची और ब्रेथ एनालाइजर मशीन में जोर से फूंकने के लिए कहा तो वे बिफर गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपशब्द कहे और ऊंची पहुंच का हवाला देते हुए वर्दी उतरवाने की धमकी तक दे डाली। हालांकि, पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी और सभी को जेल भेज दिया।