कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सुपौल में लगातार हो रही चोरी के खिलाफ शहर के व्यवसायियों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को अपनी-अपनी दुकानों को बंद कर सैकड़ों की संख्या में व्यवसायी सड़क पर उतर गए। पोस्ट ऑफिस के पास स्टेशन रोड में बांस-बल्ला लगाकर सड़क को जाम कर आवागमन बाधित कर दिया। व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बता दें कि पोस्टऑफिस के पास नारायण साह के गोदाम का ताला तोड़कर चोरों ने गोदाम से करीब एक लाख रुपये से अधिक के सामान चुरा लिए। सूचना देने के बावजूद पुलिस के घटनास्थल पर नहीं पहुंचने से व्यवसायियों का गुस्सा भड़क गया और गोलबंद होकर प्रदर्शन करने लगे और दुकानों के शटर धड़ाधड़ गिरने लगे। व्यवसायी चोरी गए सामानों की बरामदगी और चोर गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। उनका आरोप था कि पुलिस की शिथिलता से शहर में बराबर चोरी की घटनाएं हो रही है। लेकिन पुलिस एफआईआर दर्ज कर चोरी का उद्भेदन करना भूल जाती है। इससे चोरों का आतंक बढ़ गया है और शहर के व्यवसायी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उधर, दुकानें बंद रहने से बाजार में सन्नाटा पसर गया और दूर दराज से आए ग्राहकों को बेरंग लौटना पड़ा।
