कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
भोजपुर। भोजपुर जिले के शाहपुर पंचायत में नल जल योजना के लिए घूस लेने के मामले में शुक्रवार को विजलेंस ने मुखिया सह लोजपा (लोक जनशक्ति पार्टी) के प्रखंड अध्यक्ष को रंगे हाथ दबोचा है। आरोपित सरना पंचायत के मुखिया संजय कुमार सिंह को 63 हजार रुपये घूस लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
नल जल योजना के नाम पर मांग रहा था रिश्वत
रिश्वत लेते पकड़े गए मुखिया सह लोजपा (लोक जनशक्ति पार्टी) नेता से निगरानी की टीम अभी पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा कि एक महिला वार्ड सदस्य फूल कुमारी कुंवर ने निगरानी विभाग पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। अपने आवेदन में फूल कुमारी ने नल जल योजना के लिए सरना पंचायत के मुखिया संजय कुमार सिंह द्वारा रिश्वत मांगने की बात कही थी।
63 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ दबोचा
महिला वार्ड सदस्य के शिकायत के आधार पर शुक्रवार को निगरानी की टीम छापेमारी करने पहुंच गई। कार्रवाई में शाहपुर प्रखंड अंतर्गत सरना पंचायत के मुखिया संजय कुमार सिंह को 63 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। संजय कुमार सिंह सरना पंचायत के मुखिया होने के साथ लोक जनशक्ति पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष भी हैं।
रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में झड़प, आधा दर्जन घायल
आरा: भोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी क्षेत्र के बामपाली गांव में जमीन और रास्ते के विवाद को लेकर गुरूवार को दो पक्षों में झड़प हो गई। जिसमें एक महिला सहित आधा लोग जख्मी हो गए। इसके बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ,आरा लाया गया। जहां सभी का इलाज कराया जा रहा है। जानकारी के अनुसार झड़प में राजू रंजन प्रसाद, उसके चाचा जगरनाथ प्रसाद, सीता देवी एवं परमीत प्रसाद को चोटें आई हैं। सभी लोग बामपाली गांव निवासी हैं। बताया जाता है कि दोनों पक्षों में कुछ दिनों से जमीनी विवाद चला आ रहा था। गुरुवार सुबह उसी जमीन पर रास्ता का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी बात को लेकर विवाद ने तूल पकड़ लिया। इसके बाद दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और मारपीट करने लगे। जिसमें एक पक्ष के आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल,आरा लाया गया।
