कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
नई दिल्ली, एएनआइ/पीटीआइ। Priyanka Gandhi Vadra and Rahul Gandhi knocks NHRC Door संशोधित नागरिकता कानून (Citizenship Amendment Act 2019) के विरोध की आड़ में कथित तौर पर हिंसा करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मानवाधिकार आयोग का दरवाजा खटखटाया है। प्रतिनिधिमंडल के नेता सोमवार को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (National Human Rights Commission, NHRC) के कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ यूपी पुलिस की कार्रवाई को लेकर शिकायत दर्ज कराई।
सूत्रों ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल में शामिल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासिप्रियंका गांधी वाड्रा ने आयोग के वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात की और उनके समक्ष उत्तर प्रदेश में ''पुलिस बर्बरता'' के बारे में शिकायत की और विस्तृत जांच एवं कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में राहुल और प्रियंका गांधी के अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी, मोहसिना किदवई, सलमान खुर्शीद, जितिन प्रसाद, राजीव शुक्ला और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी मौजूद थे।
दरअसल, संसद के दोनों सदनों से पास संशोधित नागरिकता कानून (Citizenship Amendment Act 2019) को लेकर कांग्रेस ने शुरू से ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। राहुल ने बीते दिनों असम की एक रैली में केंद्र की मोदी सरकार पर लोगों की आवाज नहीं सुनने का आरोप लगाते हुए कहा था कि भाजपा जहां भी जाती है, नफरत फैलाती है। अभी कल ही कांग्रेस ने पीएम मोदी को संविधान की एक प्रति भेजते हुए कहा था कि सीएए में इस अनुच्छेद-14 का पूरी तरह उल्लंघन किया गया है।
वहीं भाजपा ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर CAA की आड़ में लोगों को भड़काने का आरोप लगाया है। अभी आज यानी सोमवार को ही केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि शाहीन बाग में हो रहा विरोध CAA का विरोध नहीं है, ये नरेंद्र मोदी जी का विरोध है। उन्होंने कहा कि शाहीन बाग अब एक क्षेत्र नहीं है, यह एक विचार है, जहां भारतीय झंडे का उपयोग उन लोगों को कवर देने के रूप में किया जा रहा है जो देश को विभाजित करना चाहते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि टुकड़े-टुकड़े गैंग इसका समर्थन कर रहा है।
