कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
अचानक उठा पति, सो रही पत्नी और बेटे को काट डाला
सीतामढ़ी। एक सनकी पति ने पत्नी व दो बच्चों की हत्या कर दी है। पत्नी और एक बच्चे को कुल्हाड़ी से टुकड़ों में काट डाला तो वहीं, छह माह की दुधमुंही बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी। मृतकों में पत्नी शीला देवी (40), पांच वर्षीय पुत्र प्रवीण कुमार के अलावा छह माह की मंजू शामिल हैं। सुबह सबेरे तिहरे हत्याकांड से जिले में सनसनी फैल गई है।
सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी थानान्तर्गत बाजपट्टी गोट पंचायत के अबिदपुर गांव में सिरफिरे पति ने पत्नी और दो बच्चों की हत्या को अंजाम दिया है। मौके पर डीएसपी संजय कुमार पाण्डेय खुद सदल बल पहुंचकर छानबीन में जुटे हुए हैं। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। सिरफिरा पति कमलेश चौधरी गिरफ्तार कर लिया गया है।
तड़के तीन बजे भोर की यह घटना बताई जाती है। एक ही कमरे में सभी सो रहे थे। सनकी अचानक उठ गया और सबसे पहले सो रही पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला। पास में ही सो रहा पांच साल प्रवीण अपनी मां की चीख सुनकर जगा तो उसकाे भी काट डाला। मृतका की गोद में दुधमुंहा बच्ची चिल्लाई तो उसकी गर्दन दबाकर हत्या कर दी। दूसरे पुत्र नवीन व पुत्री खुशबू नींद से जागे तो दोनों को कुल्हाड़ी दिखाकर चुप करा दिया। किस्मत से इन दोनों बच्चों की जान बच सकी।
इस नृशंस हत्याकांड की खबर मिलते ही पुपरी डीएसपी संजय कुमार पांडेय, थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ पहुंच गए। सिरफिरे कमलेश ने बड़ी बेरहमी से तीनों को मौत के घाट उतार दिया। कुल्हाड़ी के प्रहार से पत्नी व बेटे की गर्दन धड़ से अलग कर दिया है। जबकि, दुधमुंहे बच्ची गला दबाकर हत्या की गई है। कमलेश के बड़े भाई शिवजी चौधरी ने बताया कि वह मानसिक रूप से विक्षिप्त है। अपने परिवार के साथ आए दिन मारपीट किया करता था।
