Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा।व्यापार संघ ने 27 तक का दिया अल्टीमेटम, वर्ना होगा उग्र आंदोलन - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, January 25, 2020

मधेपुरा।व्यापार संघ ने 27 तक का दिया अल्टीमेटम, वर्ना होगा उग्र आंदोलन

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
अप्डेट्स।

व्यापार संघ ने 27 तक का दिया अल्टीमेटम, वर्ना होगा उग्र आंदोलन


मधेपुरा। रेडीमेड व्यवसायी धीरज कुमार को गोली मारने की घटना से गुस्साए व्यवसायियों ने शुक्रवार को प्रशासन को तीन दिनों का अल्टीमेटम दिया है। तीन दिनों के अंदर गिरफ्तारी नहीं होने पर 27 जनवरी से अग्र आंदोलन किया जाएगा। शुक्रवार को बड़ी दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित व्यापार संघ की बैठक में निर्णय लिया गया है कि 27 तक बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो अनिश्चितकालीन दुकान बंद कर विरोध किया जाएगा। शुक्रवार को दुकानदारों ने सांकेतिक हड़ताल कर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। वहीं मंदिर के सामने घटना के विरोध में करीब डेढ़ घंटा तक सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। व्यवसायियों ने घूम-घूमकर बाजार को बंद करवा दिया।
व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश कुमार उर्फ मंटू सर्राफ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शहर में हो रही अपराध की घटनाओं पर चिता जताई गई। सभी व्यवसायियों ने एक स्वर से कहा कि पुलिस प्रशासन को तीन दिनों का समय दिया गया है। अगर तीन दिन के अंदर घटनाओं में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो अनिश्चितकालीन बाजार बंद कर उग्र आंदोलन किया जाएगा। बैठक में व्यापार संघ सचिव रवींद्र प्रसाद यादव, कोडिनेटर मनीष सर्राफ, हरिशचंद्र साह, संजय कुमार जायसवाल, अशोक कुमार चौधरी, अरुण यादव, आनंद प्रानसुखका, राजीव सर्राफ, पारस नाथ सोनी, राजेश कुमार, रवि कुमार, गुलजार उर्फ बंटी, राजेश झा, सरवन सोनी, पवन महेश्वरी, विकाश सर्राफ, कार्तिक सुल्तानिया, पसुपति सुल्तानिया सहित अन्य व्यवसायी मौजूद थे।
मालूम हो कि गुलजारबाग वार्ड संख्या 20 निवासी रेडीमेड कपड़े के व्यवसायी धीरज कुमार को बदमाशों ने गुरुवार की रात गोली मारकर जख्मी कर दिया था। वे रात में दुकान बंद कर घर जा रहे थे।




......
व्यवसायी को गोली मारने पर दुकानें बंद,लोगों में आक्रोश

शहर में बेखौफ अपराधियों द्वारा एक रेडिमेड व्यवसायी को गोली मारकर रुपये लूटने की घटना के विरोध में लोगों का आक्रोश भड़क गया। घटना से गुस्साए लोग शुक्रवार को सड़क पर उतर आए। विरोध प्रदर्शन करते हुए दुकानें बंद करायी। इस दौरान लोगों ने सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की। लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
इस घटना पर व्यापार संघ ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए व्यापारियों और शहर के लोगों की सुरक्षा की मांग की। रेडिमेड व्यापारी गुलजारबाग मुहल्ला निवासी धीरज कुमार को गोली मारकर रुपये लूटने की घटना की खबर शहर में फैलते ही पुलिस प्रशासन के प्रति लोगों का आक्रोश भड़क गया। शुक्रवार की सुबह से ही शहर के व्यापारी और आमलोग गोलबंद होकर सड़क पर उतर आए।
लोगों ने आरोप लगाया कि लगभग हर दिन जिले में कहीं न कहीं लूट की घटनाएं घट रही है। लेकिन पुलिस अपराधियों को पकड़ने में सफल नहीं हो पा रही है। मालूम हो गुरुवार की रात लगभग साढ़े आठ बजे शहर के मेन रोड में सेलेक्शन नामक रेडिमेड दुकान के मालिक धीरज कुमार अपने छोटे भाई नीरज के साथ दुकान बंद कर गुलजारबाग वार्ड 20 स्थित अपने घर जा रहे थे। घर से मात्र 10 मीटर पहले सड़क पर एक बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे रोका और उसके पास रहे रुपये वाला बैग छीन लिया। इस दौरान अपराधियों ने गोली चला दी थी।
सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में लगी रही पुलिस: पुलिस शुक्रवार को पूरे दिन सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लगी रही लेकिन कोई सुराग हाथ नही लगा । एसडीपीओ वशी अहमद ने बताया कि घायल व्यवसायी की दुकान के आसपास लगी सभी सीसीडी कैमरा को खंगाला गया। फिलहाल बदमाश का कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला है ।