कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
शादी या अन्य समारोहों में हर्ष फायरिंग का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले में इन दिनों शादी समारोह में हर्ष फायरिंग का वीडियो खूब वायरल हो रहा है।
जिसमें वरमाला के दौरान दो युवकों द्वारा पिस्तौल से बारी बारी करीब दस राउंड गोली फायरिंग करते नजर आ रहा है। जबकि वरमाला के दौरान मौजूद कई लोग युवकों को बाहर जाकर फायरिंग करने या फायरिंग नहीं करने के लिए कह रहे हैं। लेकिन इसका कोई असर युवकों पर नहीं हो रहा है। वायरल वीडियो पटोरी पंचायत के पूर्व मुखिया की पुत्री की शादी का बताया जाता है। शादी बीते 19 जनवरी को हुई थी। शादी के दौरान तीन युवक बारी बारी से गोली फायरिंग कर रहे हैं। वीडियो वायरल मामले में सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि बिहरा थानाध्यक्ष को वायरल वीडियो की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।इस मामले में बिहरा थानाध्यक्ष अरविंद मिश्र ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करते हुए रविन्द्र महतो उर्फ शीतल को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दो अन्य की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस को पूर्व से थी जानकारी: बताया जाता है कि पुलिस को पूर्व से ही जानकारी थी कि इस शादी के मौके पर अस्त्र शस्त्र का खुलेआम प्रर्दशन होगा लेकिन पुलिस ने इस संबंध में कोई दिलचस्पी नहीं ली जिस कारण शादी के इस मौके पर हवा में हथियार से कई चक्र गोलियां चलाई गई। कई लोग इसका आनन्द लेते हुए पहले तो वीडीओ बनाया फिर उसे वायरल कर दिया। थाना से महज कुछ ही दूर पर हुये इस हर्ष फायरिंग की घटना से आमलोग सशंकित थे। वीडियो वायरल होने की इस घटना के बाद पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों पर रिपोर्ट दर्ज किया है।
मालूम हो कि इससे पूर्व भी जिले में हर्ष फायरिंग की घटना हुई थी। पिछले वर्ष ही शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान एक नर्तकी को गोली लगी थी और उसकी मौत हो गई थी।
