कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
संवाद सूत्र, प्रतापगंज(सुपौल): गत दिनों प्रतापगंज थाना क्षेत्र के गोविन्दपुर पंचायत में घटित हुई टेम्पू के लूटकांड में प्रतापगंज पुलिस को अंतरजिला गिरोह के दो सरगना को लूट कर भागे टेम्पू के साथ गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। गिरफ्तार दोनों अपराधियों की पहचान पीड़ित टेम्पू चालक ने की है। सिमराही निवासी विनोद कुमार साह अपना निजी टेम्पू चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण किया करता था। घटना के बारे में वह बताता है कि गत 6 जनवरी की रात तकरीबन 8 बजे अपने टेम्पू नंबर बीआर 50 पी 2747 के साथ सिमराही चौक पर खड़ा था। इसी बीच तीन युवक पास आकर बोला कि हमलोगों को प्रतापगंज के अड़राहा निर्मली जाना है। पहले तो रात में जाने से मना कर दिया। लेकिन जब उन लोगों ने जरूरी काम बताया तो मैं भाड़ा तय कर उन लोगों को लेकर प्रतापगंज के लिए चल दिया। दो युवक पीछे के सीट पर तथा एक आगे मेरे बगल में बैठ गया। जब मैं प्रतापगंज पहुंचकर गोविदपुर अड़राहा निर्मली वाली सड़क में काली मंदिर से आगे सूनसान सड़क पर पहुंचा तो एक युवक उल्टी होने के बहाने रूकने को कहा। टेम्पू के रूकते ही तीनों युवक मुझे मारने लगा। मारपीट कर मुझे सड़क किनारे बांध कर गेंहूं खेत में फेंक दिया। तीनों मेरा टेम्पू, मोबाइल और नकदी आदि छीन कर अड़राहा गांव की ओर भाग गया। कुछ समय बाद मैं रात के दस बजे के लगभग किसी तरह बांधे हाथ-पांव को खोलकर गोविन्दपुर गांव स्थित अपने रिश्तेदार के घर आया और घटना के बारे में जानकारी दी। अपने टेम्पू की तीन-चार दिनों तक खोज करता रहा। लेकिन कहीं अता-पता नहीं चलने पर घटना क्षेत्र प्रतापगंज होने की वजह से इसी थाना में मामला 12 जनवरी को दर्ज करवाया था। थानाध्यक्ष रजनीश कुमार केसरी द्वारा मामला दर्ज करते ही पीड़ित टेम्पू मालिक सह चालक विनोद से एक अपराधी का मिला मोबाइल नम्बर के आधार पर वैज्ञानिक अनुसंधान प्रारंभ कर दिया। एएसपी वीरपुर रामानंद कुमार कौशल के नेतृत्व में छानबीन कर रहे थानाध्यक्ष को दो अपराधी मु. आलम और बिरजू शर्मा का ट्रेस सहरसा जिला के सौर बाजार थाना क्षेत्र के कांप बाजार का मिला। दूसरा मु. मुर्शिद जदिया थाना क्षेत्र के खूंट गांव का निकला। जो वर्तमान समय में रतनपुरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 2 में घर बनाकर रह रहा था। थानाध्यक्ष ने सबसे पहले सहरसा के कांप गांव से गुप्त सूचना के आधार पर मु. आलम उर्फ झरखाहा को सौर बाजार पुलिस की मदद से टेम्पू के साथ गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ करने पर घटना में शामिल दो अन्य साथियों की भी जानकारी मिल गई। उसी के निशानदेही पर थानाध्यक्ष ने रतनपुरा से मु. मुर्शिद को भी लूटी गई मोबाइल सीम के साथ गिरफ्तार किया। वहीं तीसरा अपराधी बिरजू शर्मा पुलिस की पकड़ से अभी बाहर है। थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार अपराधी की भी गिरफ्तारी शीघ्र ही कर ली जाएगी। एएसपी व पुलिस निरीक्षक भी थाना पहुंच गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ कर रहे हैं।
