Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा।अच्छी खबर! पोस्टमैन की मनमानी पर लगेगी रोक, अब सहरसा में सभी लेटर बॉक्स की होगी ऑनलाइन निगरानी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, January 4, 2020

सहरसा।अच्छी खबर! पोस्टमैन की मनमानी पर लगेगी रोक, अब सहरसा में सभी लेटर बॉक्स की होगी ऑनलाइन निगरानी

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

सहरसा शहर के सभी छह लेटर बॉक्स की ऑनलाइन निगरानी शुरू हो गई है। ऑनलाइन निगरानी के लिए लेटर बॉक्स को जीपीएस सिस्टम से लैस किया गया है।

जीपीएस सुविधा वाले लेटर बाक्स को नियमित रूप से नहीं खोलने पर पोस्टमैन पकड़ में आ जाएगा। डाक अधीक्षक दिलीप कुमार दास ने कहा कि इस नई व्यवस्था के बाद पोस्टमैन लेटर बॉक्स खोलने के संबंध में गलत रिपोर्टिंग नहीं कर पाएगा। जो लेटर बॉक्स नहीं खुलेगा उसका पता चल जाएगा।

स्थानीय से दिल्ली तक के डाक विभाग के अधिकारी करेंगे मॉनिटरिंग
उन्होंने कहा कि जीपीएस सिस्टम से जोड़ने के बाद लेटर बॉक्स की मॉनिटरिंग स्थानीय से दिल्ली तक के डाक विभाग के अधिकारी करेंगे। पोस्टमैन जैसे मोबाइल पर पिन कोड के अलावा पांच डिजिट का कोड डालेगा, रजिस्ट्रेशन होते ही लेटर बॉक्स खुलेगा। लेटर बॉक्स के खुलते मॉनिटरिंग कर रहे दिल्ली तक के अधिकारी को पता चल जाएगा। जिस दिन लेटर बॉक्स नहीं खुलेगा इसकी उन्हें जानकारी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से लेटर बॉक्स खुलने से लोगों का डाक समय से गंतव्य स्थान को पहुंचेगा। प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर सिद्धार्थ गौतम ने कहा कि शहर के सभी छह लेटर बॉक्स में चेन्नई की नेन्था सॉफ्टवेयर ने जीपीएस सिस्टम लगाया है।
कोसी क्षेत्र के सभी 51 लेटर बॉक्स होंगे जीपीएस सिस्टम से लैस
कोसी क्षेत्र का सहरसा, सुपौल और मधेपुरा तीनों जिले में स्थित सभी लेटर बॉक्स जीपीएस सिस्टम से लैस होगा। डाक अधीक्षक ने कहा कि सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले के सभी 51 लेटर बॉक्स को जीपीएस सिस्टम से लैस करने का काम दो से तीन दिन में पूरा हो जाएगा। गुरुवार से लेटर बाक्स में जीपीएस लगाया जा रहा है।
सुकन्या खाता खोलने पर जोर
डाक अधीक्षक ने सुकन्या समृद्धि योजना का खाता अधिक से अधिक खुले इसे प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। पोस्टमास्टर ने सभी पोस्टमैन को सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खुलने वाले खाता का फायदा बताते प्रचार-प्रसार करने का सभी पोस्टमैन को निर्देश दिया है। जनसंपर्क निरीक्षक प्रणव चन्द्र खां ने कहा कि सहरसा जिले में अभी चार हजार से अधिक सुकन्या समृद्धि योजना का खाता खुला है। यह खाता दस साल तक की बच्ची का जन्म प्रमाणपत्र, निर्धारित राशि और अभिभावक का केवाईसी का कागजात देकर खुलवा सकते हैं।