Kosi Live-कोशी लाइव बिहार/अररिया: फोरलेन हाईवे पर खौफनाक हादसा, पिकअप ने बाइक सवार दो भाइयों को रौंदा, एक की मौत - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, January 6, 2020

बिहार/अररिया: फोरलेन हाईवे पर खौफनाक हादसा, पिकअप ने बाइक सवार दो भाइयों को रौंदा, एक की मौत

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

अररिया के नरपतगंज -फारबिसगंज एनएच 57 फोरलेन हाईवे पर पलासी के समीप खौफनाक हादसा। एक पिकअप वाहन ने बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को रौंद डाला। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतक युवक 18 वर्षीय मो. गुफरान पिता अकीलउद्दीन और जख्मी 30 वर्षीय मो. एहसान पिता कफीलउद्दीन स्थानीय पलासी पंचायत के चकरदाहा वार्ड संख्या 07 के निवासी बताये जा रहे हैं। दोनों सगे चचेरे भाई बताए जाते हैं। घटना के बाद आक्रोशित सैकड़ों लोगों ने मुख्य फोरलेन सड़क को दोनों तरफ से जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित लोग मुआवजे की मांग पर अड़ गए। 
घटना के संदर्भ में प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक सवार दो युवक दोपहर के समय किसी काम से फारबिसगंज जा रहे थे। पलासी के पास सर्विस लेन सड़क नहीं रहने के कारण बाइक जैसे ही दूसरे लेन में घुसी कि फारबिसगंज की ओर से आ रही माल लदे महिंद्रा पिकअप वैन संख्या बीआर11 जीबी 4279 दोनों को रौंदते हुए बाइक के ऊपर जाकर पलट गई। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गयी। बड़ी संख्या में लोगों ने पिकअप वाहन के नीचे दबे दोनों युवकों को बाहर निकाला। इसमें मौके पर ही गुफरान की मौत हो चुकी थी वहीं घायल एहसान को इलाज के लिए फारबिसगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। 
घटना के बाद लोगों को इस बात का आक्रोश था कि इस जगह पर सर्विस लेन नहीं रहने के कारण बराबर हादसा होता रहता है इसके बावजूद भी प्रशासन इस और कोई ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक मृतक के परिजनों को मुआवजा नहीं दिया जाएगा तब तक सड़क जाम नहीं हटेगा। करीब डेढ़ घंटे से लगातार हाइवे जाम होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। खबर लिखे जाने तक स्थानीय प्रशासन मामले को लेकर पीड़ित पक्ष से बातचीत करने का प्रयास कर रही है