Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:पटना में दूल्‍हे की गोली मारकर हत्‍या, बारात निकलने ही वाली थी; शादी के घरों में मचा कोहराम - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, January 31, 2020

BIHAR:पटना में दूल्‍हे की गोली मारकर हत्‍या, बारात निकलने ही वाली थी; शादी के घरों में मचा कोहराम

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

पटना। पटना में क्राइम थम नहीं रहा है। प्रोफेसर की हत्‍या के दूसरे ही दिन अब अपराधियों ने दूल्‍हे की हत्‍या कर दी है। दूल्‍हा बारात निकलने के पहले पूजा करने के लिए मंदिर पहुंचा था। इसी बीच, अपराधियों ने उसे गोलियों से भून डाला। बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना से लड़के व लड़की दोनों के घरों में कोहराम मच गया है। मंगल गीत चीत्‍कार में बदल गया है। घटना के पीछे भूमि विवाद बताया जा रहा है। मृत दूल्‍हे की पहचान सलीमपुर निवासी निरंजन कुमार के रूप में हुई है अौर नालंदा बारात जाने वाली थी। 
बताया जाता है कि पटना के सालिमपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी निरंजन की शादी नालंदा में तय हुई थी। वसंत पंचमी के दिन शादी की तिथि निर्धारित थी। उसकी शादी नालंदा में तय हुई थी। शादी को लेकर पिछले एक सप्‍ताह से पूरा घर मांगलिक गीतों से गूंज रहा था। 
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सुबह से ही बारात जाने की तैयारी घरवाले से लेकर मेहमान व मुहल्‍ले के लोग कर रहे थे। देर शाम में नालंदा के लिए निकलने वाली थी। बताया जाता है कि बारात निकलने से पहले दूल्‍हा निरंजन अपने स्‍वजनों के संग गांव के ही देवी स्थान में पूजा करने पहुंचे थे। मंदिर से ही निकलने के क्रम में ही निरंजन को अपराधियों ने गोली मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के पीछे भूमि विवाद बताया जा रहा है। परिवार के लोग हत्‍या का आराेप निकटवर्ती स्वजन पर ही लगा रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि राजवंशी राय के बीस वर्षीय बेटे निरंजन कुमार की शादी शेखपुरा जिले के एकसारी बीघा, थाना बरबीघा निवासी श्रीलाल यादव की बेटी के साथ तय हुई थी। शादी मणि बाबा के अखाड़ा नालंदा में होनी थी। शादी में जाने के पूर्व गांव में देवी स्थान पर प्रणाम करने दूल्हा निरंजन कुमार गया था, इसी दौरान अपराधी दूल्हे के सिर में चार गोली मारकर फरार हो गए।
ग्रामीणों ने बताया कि चाचा पत्ती राय एवं भतीजा राजवंशी राय के बीच एक दशक से भूमि विवाद चल रहा है। पूर्व में पत्ती राय की हत्या हो चुकी है। उसके बाद पत्ती राय के बेटे सोनेलाल राय की हत्या हुई और गुरुवार को निरंजन कुमार की हत्या हुई। अब तक दोनों परिवार यानी चाचा पत्ती राय एवं भतीजा राजवंशी राय के परिवार में तीन हत्याएं हो चुकी हैं। दोनों परिवार से कई लोग इस अदावत में जेल जा चुके हैं।  

इधर, घटना के बाद लड़के के घर ही नहीं, बल्कि लड़की के घर में भी कोहराम मच गया है। दोनों घरों में मांगलिक गीत चीत्‍कार में बदल गए। लड़की वाले के घर से भी लोग पटना पहुुंच रहे हैं। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। घटना की छानबीन की जा रही है। गाैरतलब है कि बुधवार को दिनदहाड़े पटना के टीपीएस कॉलेज के प्रोफेसर की बदमाशों ने गोली मारकर हत्‍या कर दी थी। इसके दूसरे दिन अब दूल्‍हे की हत्‍या ने पुलिस की परेशानी बढ़ा दी है।

इस मामले में बख्तियारपुर के थानाध्यक्ष गौरव सिंधू ने बताया कि पुरानी रंजिश में दूल्हे निरंजन कुमार की गोली मार हत्या की गई। स्वजनों ने चचेरे भाई रुदल राय पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं ग्रामीण एसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि भूमि विवाद में युवक की हत्या हुई है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।