Kosi Live-कोशी लाइव Bihar Bandh: दारोगा परीक्षार्थियों का 4 फरवरी को बिहार बंद का एलान, सुशील मोदी के आवास का किया घेराव - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, January 30, 2020

Bihar Bandh: दारोगा परीक्षार्थियों का 4 फरवरी को बिहार बंद का एलान, सुशील मोदी के आवास का किया घेराव

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

पटना। बिहार में दारोगा परीक्षार्थी काफी गुस्‍से में हैं। परीक्षा में हुई धांधली व पर्चा लीक के आरोप को लेकर परीक्षार्थी लगातार आंदोलन कर रहे हैं और सरकार से इसकी सीबीआई जांच तथा परीक्षा को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर बुधवार को दारोगा परीक्षार्थियों ने उपमुख्‍यमंत्री सुशील मोदी के पटना स्थित आवास का घेराव भी किया। साथ ही बैठक कर चार फरवरी को बिहार बंद का एलान किया। हालांकि, घेराव के समय सुशील मोदी अपने आवास पर नहीं थे। वे बौद्ध महोत्‍सव में भाग लेने के लिए बोधगया गये हुए थे।  
इधर, पटना कॉलेज में बुधवार को दारोगा परीक्षार्थियों की एक आवश्‍यक बैठक हुई। इसमें बिहार बंद का निर्णय लिया गया। बताया गया कि बिहार दारोगा परीक्षा का पर्चा लीक और धांधली के विरोध चार फरवरी को परीक्षार्थी बिहार बंद करेंगे।

इतना ही नहीं, परीक्षार्थियों ने उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के राजेंद्र नगर स्थित निजी आवास का शाम में घेराव किया और धरना दिया। इस दौरान पुलिस के साथ छात्रों की झड़प भी हुई। कुछ देर बाद और ज्यादा पुलिस बल बुलाकर छात्रों को खदेड़ दिया गया।
छात्रों का कहना है कि हमलोग इससे डरने वाले नहीं हैं। सरकार जितना चाहे दमनकारी नीति अपना लें, लेकिन हमलोगों का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार हमलोगों की मांग मानते हुए दारोगा परीक्षा में हुई धांधली की सीबीआई जांच नहीं करवाती है और इस परीक्षा को रद्द नहीं करती है। 

बता दें कि जिस समय परीक्षार्थी उपमुख्‍यमंत्री सुशील मोदी के आवास पर घेराव के लिए पहुंचे थे, उस समय वे अपने आवास पर नहीं थे। बुधवार को सुशील मोदी बोधगया गए हुए थे। बोधगया में आज से तीन दिवसीय बौद्ध महोत्‍सव शुरू हुआ है। कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद थे।