Kosi Live-कोशी लाइव CAB Bihar Protest LIVE: बिहार बंद आज, जारी है हंगामा प्रदर्शन, कई जगह रोकी गईं ट्रेनें - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, December 19, 2019

CAB Bihar Protest LIVE: बिहार बंद आज, जारी है हंगामा प्रदर्शन, कई जगह रोकी गईं ट्रेनें

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

पटना Citizenship Amendment Act  नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ आज वामदलों ने बिहार बंद का एेलान किया है। अहले सुबह से ही बिहार के कई जिलों में इसका व्यापक असर देखा जा रहा है। जगह-जगह हंगामा प्रदर्शन जारी है। कई जगह ट्रेनें रोक दी गई हैं, बसें नहीं चल रहीं और सड़कें भी जाम हैं जिससे आमलोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बिहार बंद में वामदलों को कांग्रेस, आरएलएसपी, वीआईपी, एचएएम और पप्पू यादव की जन अधिकार पार्टी का भी समर्थन मिला है। बंद को देखते हुए राजधानी पटना में रेल प्रशासन ने जंक्शन राजेंद्र नगर टर्मिनल समेत राज्य के सभी स्टेशनों पर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था कर रखी है।
Anti CAB Protest LIVE:

-कटिहार में बिहार बंद का मिला-जुला असर दिख रहा। बाजार में इसका कोई असर नहीं दिख रहा है। बरारी में कटिहार-बरौनी पेसेंजर ट्रेन को आधा घंटा रोका गया। बाद में पुलिस की पहल से जाम समाप्त हो गया।
-सीतामढ़ी में वामदल के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं, जगह-जगह आगजनी और हंगामा प्रदर्शन जारी है।  
-भभुआ के एकता चौक पर जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर दिया है और प्रदर्शन कर रहे हैं।
-दरभंगा में हायाघाट रेलवे स्टेशन पर भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने 5283 जानकी एक्सप्रेस ट्रेन को रोक दिया है। कई जगह सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं माले कार्यकर्ता।
-वाम दलों ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर बांस-बल्ला लगाकर सड़क जाम कर दिया है। कमला-गंगा इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन सहित दिल्ली जाने वाली बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट ट्रेन को भी रोका। जगह-जगह टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।
-पटना में पटना कॉलेज के सामने जाप कार्यकर्ता कर रहे हैं नारेबाजी, पुलिस के साथ की धक्का- मुक्की।
-राजेंद्र नगर टर्मिनल पर जाप समर्थकों का प्रदर्शन, ट्रेन रोककर कार्यकर्ता अर्धनग्न होकर जता रहे हैं विरोध।
-पटना में VIP पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी गिरफ्तार।
-VIP समर्थक पहुंचे रेलवे स्टेशन, राजेंद्र नगर टर्मिनल पर ट्रेन रोकने की कोशिश की।
-पटना रेलवे स्टेशन पर भारी संख्या में रेल पुलिस तैनात।
-दरभंगा में बिहार बंद को लेकर वामदल के सदस्यों ने रेल का चक्का जाम कर दिया है।
-लेहरियासराय स्टेशन पर कई ट्रेनें काफी देर तक रोक दी गईं जिससे लोगों को काफी तकलीफ हो रही है। 
-वाम दलों के बिहार बंद के दौरान बक्सर स्टेशन पर फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन को रोका गया। ट्रेन के इंजन पर चढ़कर कार्यकर्ताओं ने ट्रेन को रोका। 
-माले कार्यकर्ताओं ने आरा-पटना NH जाम कर दिया है। प्राइवेट बस स्टैंड के पास जाम कर लोग केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। 
-खगड़िया में JAP कार्यकर्ता स्टेशन पर कर रहे हंगामा, समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन को रोक दिया।
-बिहारशरीफ में गुरुवार की सुबह नई दिल्ली जाने वाली श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन राजगीर से बिहारशरीफ पहुंची। रेलवे स्टेशन पर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे जाप कार्यकर्ताओं ने श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन को आगे बढ़ने से रोक दिया।
-ट्रेन रोके जाने से दैनिक यात्रियों को मुश्किल हुई। कई लोगों को यह चिंता सता रही थी कि वे समय पर अपने कार्यालय नहीं पहुंच सकेंगे। छात्रों को कोचिंग जाने में विलंब हुआ। 
-वैशाली में जाप कार्यकर्ताओं ने गांधी सेतु जाम कर दिया, सेतु जाम होने से लगी है गाड़ियों की लंबी कतार।
-लखीसराय में वामदलों के कार्यकताओं ने शहर के मध्य स्थित शहीद द्वार के पास सड़क जाम कर दिया है। सभी कार्यकर्ता धरना पर बैठ गए हैं। इस कारण शहर का मुख्य सड़क मार्ग जाम हो गया है।
-कटिहार में बिहार बन्द को लेकर माले कार्यकर्ताओं ने शहीद चौक पर हंगामा प्रदर्शन किया वहीं जाप कार्यकताओं ने मिरचाईबाड़ी के समीप कटिहार पूर्णिया सड़क मार्ग को जाम कर दिया है।
-दरभंगा में वामदलों के कार्यकर्ताओं ने लहेरियासाय स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। कमला गंगा इंटरसिटी एक्सप्रेस का चक्का जाम कर दिया। CAA वापस लेने की कर रहे मांग।
-नालंदा में एनआरसी और बढ़ते अपराध के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए बिहार बंद के दौरान बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पर जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राजगीर- नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस को रोका।
-मधेपुरा में वामदलों और जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं और जमकर हंगामा प्रदर्शन कर रहे हैं। 
 
सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था
वामदलों की ओर से गुरुवार को आयोजित बिहार बंद के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त इंतजाम किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिस अधिकारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। हुड़दंग करने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। इस बीच राष्‍ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने वामदलों के बंद से अलग अपने बंद की तैयारी तेज कर दी है। आरजेडी का बिहार बंद 21 दिसंबर को है।
वामदलों की ओर से गुरुवार को आयोजित बिहार बंद के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त इंतजाम किए गए हैं। पुलिस, प्रशासन समेत सभी खुफिया एजेंसियां हाईलेवल पर सक्रिय कर दी गई हैं। बंद के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आइबी, इंटेलीजेंस और पुलिस की खुफिया विभाग ने शहर के सभी संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों की जानकारियां जुटा ली हैं।
 
सभी पुलिस अधीक्षकों को अलर्ट किया गया है। जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। अगले कुछ दिनों तक पुलिस अलर्ट पर रहेगी।
एडीजी मुख्यालय जितेंद्र कुमार ने बताया कि प्रमुख चौक-चौराहों से लेकर संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है। चार पहिया वाहन के अलावा एक साथ कई मोटरसाइकिलों से जवानों को गश्त पर भेजा जा रहा है। वीडियो कैमरा और अन्य माध्यम से गतिविधियों पर नजर हैं।
सभी जिलों में बनाया गया क्यूआरटी
अलर्ट के मद्देनजर किसी भी आपात स्थिति से निपटने को सभी जिलों में पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम गठित की गई है। वाहन, हथियार और भीड़ नियंत्रण के लिए जरूरी साजो-सामान से ये लैस हैं। जहां भी जरूरत पड़ेगी इन्हें तुरंत रवाना कर दिया जाएगा।