Kosi Live-कोशी लाइव बिहार:पोषाहार की राशि में कमीशन मांगा तो सेविका के पति ने सहायिका के पति को मार दी गोली - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, December 4, 2019

बिहार:पोषाहार की राशि में कमीशन मांगा तो सेविका के पति ने सहायिका के पति को मार दी गोली

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
मुंगेर में पोषाहार की राशि में कमीशन मांगा तो सेविका के पति ने सहायिका के पति को गोली मार दी। घटना जिले के जमालपुर के नया रामनगर थाना अंतर्गत सफियाबाद ओपी क्षेत्र में इंद्ररुख पश्चिमी पंचायत के वार्ड नंबर 7 में मंगलवार की सुबह हुई। कमीशन मांगने पर आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 219 की सहायिका के पति मुन्ना मंडल (28) को सेविका पति भरत मंडल ने गोली मारकर घायल कर दिया।
घायल युवक को स्थानीय लोगों के सहयोग से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उसे भागलपुर मायागंज रेफर कर दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। इस मामले में पुलिस ने भरत मंडल के पिता मोहन मंडल को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना को लेकर अब तक मामला दर्ज नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
आरोप है कि सहायिका पति मुन्ना मंडल सेविका पति भरत मंडल के ऊपर लगातार पोषाहार राशि में 7000 रुपये बतौर कमीशन देने का दबाव बना रहा था। मुन्ना मंडल ने सोमवार की रात भरत मंडल के घर पहुंच उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। मंगलवार की सुबह लगभग 6:30 बजे फिर एक बार मुन्ना मंडल अपने अन्य सहयोगियों के साथ भरत मंडल के घर पहुंचा और पथराव करने लगा। इसके बाद घर में बैठे भरत मंडल ने बाहर निकलकर अपनी अवैध पिस्टल से उसे गोली मार दी।
घटना के संबंध में साफियाबाद ओपी प्रभारी दिनेश कुमार साहू ने बताया कि मामला पूरी तरह आंगनबाड़ी में आवंटित पोषाहार की राशि में बंदरबांट से जुड़ा हुआ है। दोनों के बीच पहले भी मारपीट की घटना हो चुकी है। घायल मुन्ना मंडल सहित उसके अन्य भाइयों का पुराना अपराधिक इतिहास है। इस मामले में संलिप्त लोगों पर कार्रवाई की जायेगी।