Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा: प्रशासन की लापरवाही से मुखिया पति की गई जान - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, December 15, 2019

मधेपुरा: प्रशासन की लापरवाही से मुखिया पति की गई जान

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

मुखिया पति को दी गई थी धमकी, प्राथमिकी भी हुई थी दर्ज।

मधेपुरा। थानाक्षेत्र के सरौनीकला पंचायत की मुखिया बेबी कुमारी के पति राजीव कुमार गुप्ता की हत्या के बाद क्षेत्र में भय व आक्रोश का माहौल है। बताया गया कि मुखिया पति को पहले भी धमकी दी गई थी। धमकी को लेकर प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी लेकिन, पुलिस नामजद आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर पाई थी। इधर मुखिया पति का शव घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ओर मुखिया को महिलाएं शांत करने में जुटी हैं, वहीं दूसरी ओर मृतक की मां बिमला देवी को संभालने का प्रयास में लोग लगे हुए हैं। बिमला देवी रो-रोकर एक रट लगा रही है कि अब बच्चा सब किसके सहारे रहेगा। उसके बेटे को दुश्मन सब ने मार डाला।

--इनसेट--
तीन बच्चे हैं, सभी 11 से 06 के बीच
-मृतक को दो पुत्र दिव्यांशु (11) एवं सुधांशु (08) और एक पुत्री सपना (06) है। बताया जाता है कि गांव के कुछ युवकों द्वारा मुखिया पति को प्राय: धमकी दी जाती थी। भयभीत करने के लिए हवाई फायरिग भी की जाती थी । इसकी शिकायत थाना में भी की गई थी। प्राथमिकी भी दर्ज हुई थी लेकिन, नामजद पुलिस पकड़ में नहीं आ सके। इसके चलते उनके घरों की पुलिस ने हाल के दिनों में कुर्की जब्ती की थी। इसके बाद से मुखिया पति को लगातार केस उठाने की धमकी मिल रही थी। इस पर उन्होंने केस उठाने से इन्कार कर दिया था। इसी आक्रोश में बदमाशों ने पूर्व नियोजित तरीके से आबादी भरी बस्ती में मुखिया पति को गोलियों से छलनी कर दिया। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार आधा दर्जन गोली लगने की बात कह रहे हैं। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस मुखिया के घर पर कैंप कर रही है।