Kosi Live-कोशी लाइव भारत-नेपाल बॉर्डर पर अवैध मनी एक्सचेंज का भंडाफोड़, 43 लाख कैश और नेपाली करेंसी जब्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, April 23, 2026

भारत-नेपाल बॉर्डर पर अवैध मनी एक्सचेंज का भंडाफोड़, 43 लाख कैश और नेपाली करेंसी जब्त

भारत-नेपाल बॉर्डर पर अवैध मनी एक्सचेंज का भंडाफोड़, 43 लाख कैश और नेपाली करेंसी जब्त

रक्सौल में पुलिस-एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई, संचालक गिरफ्तार

रक्सौल/मोतिहारी: भारत-नेपाल सीमा से सटे रक्सौल शहर में अवैध मनी एक्सचेंज कारोबार के खिलाफ पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में भारतीय और नेपाली मुद्रा बरामद की गई है। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी

थानाध्यक्ष हेमंत सिंह ने बताया कि रेलवे फाटक के पास मुख्य सड़क पर अवैध रूप से बड़े पैमाने पर रुपये के एक्सचेंज की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद पुलिस और एसएसबी की टीम ने संयुक्त योजना बनाकर छापेमारी की।

दुकान से लाखों की नकदी बरामद

छापेमारी के दौरान रेलवे फाटक के समीप एक दुकान की तलाशी ली गई। वहां से 43 लाख 45 हजार 999 रुपये भारतीय मुद्रा और 2 लाख 38 हजार 700 रुपये नेपाली मुद्रा बरामद की गई।

नोट गिनने की मशीन भी जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकान से नोट गिनने वाली मशीन भी जब्त की है। इससे बड़े पैमाने पर नकदी के अवैध लेन-देन का अंदेशा जताया जा रहा है।

दुकान संचालक गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से दुकान संचालक सोनू कुमार को गिरफ्तार किया है। वह रक्सौल के वार्ड संख्या 5 स्थित तुमरियाटोला का निवासी बताया गया है। उससे पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

कारोबारियों में मचा हड़कंप

इस कार्रवाई के बाद रक्सौल और आसपास के सीमा क्षेत्र में अवैध मनी एक्सचेंज कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन का कहना है कि ऐसे अवैध कारोबार सीमा सुरक्षा और आर्थिक व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती हैं।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

थानाध्यक्ष हेमंत सिंह ने कहा कि अवैध मनी एक्सचेंज काउंटरों को चिन्हित कर लगातार कार्रवाई की जाएगी और गैरकानूनी धंधे में शामिल किसी को बख्शा नहीं जाएगा।