कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सहरसा। मंगलवार को कोसी युवा संगठन ने बंगाली बाजार ढाला पर शीघ्र ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर सहरसा जंक्शन का निरीक्षण करने पहुंचे डीआरएम अशोक महेश्वरी से मिलकर ज्ञापन समर्पित किया।
संगठन के संस्थापक सह अध्यक्ष सोहन झा ने डीआरएम को बताया कि बंगाली बाजार ढाला पर ओवरब्रिज निर्माण नहीं होने से सहरसा वासियों को जाम की समस्या से अनवरत जूझना पड़ता है। जाम के कारण यहां के लोगों की जिदगी जैसे ठहरी हुई है। उन्होंने डीआरएम को सहरसावासियों की ओर से विनती करते हुए कहा कि सर बंगाली बा•ार ढाला पर ओवरब्रिज निर्माण में आ रही बाधा को दूर करावाइए। ओवरब्रिज निर्माण में हो रही देरी के कारण शहर में जाम की स्थिति दिन-ब-.दिन बढ़ती जा रही है, जिसके कारण पूरे जिलावासियों को प्रत्येक दिन इस कष्टप्रद जाम का सामना करना पड़ता है। कहा कि बराबर रेलगाड़ियों के आने- जाने के कारण ढाला बंद रहता है। ढाला बंद रहने से पूरे शहर में जाम की स्थिति बन जाती है स्कूल जाने वाले बच्चे- बीमार लोग घंटे फंस जाते हैं। मेहनत- मजदूरी से कमाने- खाने वाले ठेला- चालक, रिक्शाचालक घंटों जाम में फंसे रहते हैं। कहा कि अब सहरसावासी रोज-रोज की इस जाम से तंग आ चुके हैं। लोगों ने आक्रोश गहराता जा रहा है। अगर शीघ्र बंगाली बा•ार ढाला पर ओवरब्रिज निर्माण कार्य आरंभ नहीं किया जाएगा, तो सहरसा में एक बड़ा जन आंदोलन हो सकता है। डीआरएम द्वारा सभी बातों को सुनने के बाद आश्वस्त करते हुए कहा कि ओवरब्रिज नहीं होने के कारण रेलवे को भी परेशानी हो रही है, लेकिन बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा ओवरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया में ढिलाई बरती जा रही है। पुल निर्माण निगम द्वारा भेजा गया नया नक्शा अभी तक समस्तीपुर नहीं आया है, लेकिन हमें सूचना है पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता द्वारा नक्शा पटना भेजा गया है। जैसे ही नक्शा समस्तीपुर पहुंचेगी रेलवे द्वारा ओवरब्रिज निर्माण प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। कहा कि हमारी पूरी कोशिश रहेगी की जल्द से जल्द आपके शहर में ओवरब्रिज का निर्माण हो।
