Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल।90 बोतल शराब सहित तस्कर चढ़ा पुलिस के हत्थे, चौकीदार पुत्र पर मामला दर्ज - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, December 25, 2019

सुपौल।90 बोतल शराब सहित तस्कर चढ़ा पुलिस के हत्थे, चौकीदार पुत्र पर मामला दर्ज

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

निर्मली(सुपौल): थाना क्षेत्र के मझारी चौक के निकट बुधवार की अलसुबह निर्मली पुलिस ने 90 बोतल शराब के साथ एक शराब कारोबारी को मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। हालांकि एक शराब तस्कर पुलिस की गिरफ्त से भागने में सफल रहा। गिरफ्तार शराब कारोबारी मरौना प्रखंड क्षेत्र के झिगवा गांव के वार्ड संख्या 10 निवासी नवीन हंस बताया जा रहा है। गिरफ्तार शराब कारोबारी से पूछताछ के क्रम में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। डगमारा ओपी के चौकीदार का पुत्र विनोद पासवान शराब कारोबारी को शराब की खेप डगमारा थाना क्षेत्र से निकासी करने में मदद कर रहा था। इतना ही नहीं इस एवज में शराब कारोबारी चौकीदार पुत्र को प्रति खेप की डिलीवरी में 2000 रुपया देता था। वहीं फरार शराब कारोबारी के बारे में गिरफ्तार शराब कारोबारी ने बताया कि वह मरकियाही गांव निवासी शंकर कुमार था। जो अपने मामा के पास रह रहा था। इधर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पूर्ण शराबबंदी को ले पुलिस सख्त है। बावजूद चौकीदार पुत्र की शराब तस्करी में संलिप्तता पुलिस की बदनामी है। शराब तस्करी की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मझारी चौक के आगे डगमारा मझारी सड़क पर पुलिस गाड़ी खड़ी कर घात लगाए बांध के नीचे बैठी थी। इतने में डगमारा की ओर से एक मोटरसाइकिल पुलिस वाहन को देखते ही गाड़ी से दूर ही रुक गई। गाड़ी पर सवार दोनों तस्कर प्लास्टिक के बोरे में रखे शराब को छोड़कर भागने लगा। जिसका पीछा करते हुए पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरा तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला। जप्त मोटरसाइकिल का नंबर बीआर 50 के 4466 है। मामले को लेकर निर्मली थाना में बिहार मद्य निषेध अधिनियम 2016 की सुसंगत धाराओं के तहत थाना कांड संख्या 215 /19 दर्ज किया गया है। दर्ज कांड में गिरफ्तार शराब कारोबारी सहित चौकीदार पुत्र एवं एक अन्य को नामजद किया गया है। पुलिस अनुसंधान कर रही है।