कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
थाना क्षेत्र के लालपुर सरोपट्टी में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नकदी सहित 40 लाख रुपये से अधिक का सामान चुरा लिया। चोरों ने सूना पड़ा घर देख चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस स्थल पर पहुंच कर लोगों से पूछताछ की और छानबीन में जुट गयी।
बताया गया कि लालपुर सरोपट्टी के वार्ड 10 में गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने सुमन सिंह के घर को निशाना बनाया। गृहस्वामी सुमन सिंह अपनी पत्नी के इलाज के लिए मंगलवार को पुणे के लिए रवाना हुए हैं। उनका घर पूरी तरह सूना पड़ा था। चोरों ने घर सूना होने का फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया।
बताया गया कि घर की रखवाली और मवेशियों की देखरेख के लिए बगल के ही खट्टर राम नामक व्यक्ति को रखा गया था जो सुबह घर की साफ-सफाई कर मवेशियों को चारा खिलाने के बाद शाम होने पर वापस अपने घर वापस चला जाता था। शुक्रवार की सुबह जब खट्टर राम सुमन सिंह के घर पर आया तो मेन गेट से लेकर घर के अंदर चार कमरे का ताला कटा हुआ देखा।
घर के अंदर सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। उसने तुरंत अगल-बगल के लोगों को इस बात की जानकारी दी। ग्रामीणों घर पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और गृहस्वामी सुमन सिंह से फोन पर संपर्क किया। गृहस्वामी ने बताया कि 50 हजार रुपये नगद अलमीरा में रखा था और उसी आलमीरा में जेवरात भी रखे थे। बताया गया कि चोर घर से बर्तन, कपड़ा, एलसीडी सहित अन्य कीमती समान चुरा ले गए।
ग्रामीणों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। गृहस्वामी का भतीजा अमित कुमार सिंह ने थाने में आवेदन देकर बताया कि चोरों ने 50 हजार रुपये नकद सहित लगभग 40 लाख रुपये का जेवरात और अन्य कीमती सामान चुरा लिया। उसने बताया कि घर में पेंटिंग का काम चल रहा था। उसने काम करने वाले मजदूरों पर मिलीभगत की आशंका जतायी। थानाध्यक्ष ने बताया कि चोरी की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जाएगी। आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।
