Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा। 12 साल के बच्चे की हत्या कर शव बागीचे में फेंका - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, December 21, 2019

मधेपुरा। 12 साल के बच्चे की हत्या कर शव बागीचे में फेंका

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

मधेपुरा के शंकरपुर थाना क्षेत्र के जिरवा मधेली पंचायत के वार्ड 13 मधेली चंदनपट्टी टोला के 12 वर्षीय राहुल की हत्या कर शव घर के पास ही बागीचे में फेंक दिया गया। गले में फंदा लगाकर उसकी हत्या किए जाने की आशंका जतायी जा रही है। पुरानी रंजिश घटना का कारण माना जा रहा है।

बताया गया कि चंदनपट्टी टोला के अशोक यादव के पुत्र राहुल कुमार शुक्रवार की शाम को घर से खेलने गया था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। रात में राहुल का कुछ पता नहीं चल सका। शनिवार की सुबह शौच के लिए गए लोगों ने घर से लगभग दो सौ मीटर दूर बागीचे में राहुल का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही परिवार में चीख पुकार मच गयी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ लग गयी। घटना की सूचना मिलते ही शंकरपुर थानाध्यक्ष रामबाबू विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
घटना स्थल का जायजा लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस पूछताछ के दौरान मृतक की माता ऊषा देवी ने कहा कि गले में फंदा लगाकर उसके पुत्र की हत्या करने के बाद शव को बागीचे में छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुरानी रंजिश में उसके बेटे की हत्या की गयी है। 
थाना अध्यक्ष राम बाबू विश्वकर्मा ने बताया कि गले में फंदा डालकर हत्या की घटना को कहीं और अंजाम देने के बाद शव को बागीचा में फेंके जाने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। परिवार की ओर से आवेदन मिलने के बाद केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।