कोशी लाइव_नई सोच नई खबर:
बेगूसरायः जिले में मंगलवार को अनियंत्रित ई-रिक्शा 6 बच्चों समेत कुंआ में गिर गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इधर बच्चों की चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुंए से ई-रिक्शा में फंसे बच्चों को एक-एक कर बाहर निकाला। कुंए में गिरने से सभी बच्चे घायल हो गए। इनमें से 5 बच्चों को प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जबकि एक बच्चे को तेघड़ा पीएचसी ले जाया गया। घटना जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र के केलावाड़ी गांव की है।

कई बच्चों को आई चोटजानकारी के अनुसार ई-रिक्शा में बैठे 6 बच्चों में कुछ बच्चों को ज्यादा चोटें आई हैं। घायलों में हर्षवर्धन कुमार, अमन कुमार, किशन, रवि किशन, कौशल कुमार, वीरेंदर कुमार शामिल हैं। आपको बता दें कि कुंए में गिरने के बाद सभी बच्चे एक दूसरे का सहारा लेकर कुंआ के अंदर ही पड़े हुए थे। जब ग्रामीणों को इस बात की जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे और रस्सी के सहारे सभी बच्चों को बाहर निकाल लिया। घटना के संबंध में लोगों ने बताया कि ई-रिक्शा पूरब की दिशा से आ रहा था और एक बांध के बगल में कुंए में जा गिरा और अटक गया। फिलहाल सभी बच्चों को बचा लिया गया है। लोगों ने कुंए के जीर्णोद्धार की मांग की है।
रिपोर्ट: सौरभ
