कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
मधेपुरा। पोशाक एवं छात्रवृति राशि नहीं मिलने से आक्रोशित स्कूली बच्चों ने शुक्रवार को स्कूल परिसर में जमकर हंगामा किया। हंगामा कर रहे स्कूल बच्चों ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय गनोल में तालाबंदी कर एचएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्कूली बच्चों के प्रदर्शन और तालाबंदी किए जाने की वजह से शुक्रवार को स्कूल में पठन पाठन का कार्य पूरी तरह से बाधित रहा। प्रदर्शन कर रहे स्कूली बच्चों ने कहा कि स्कूल के एचएम मनमाने तरीके से कार्य कर रहे हैं। शिक्षा विभाग के नियम कानून को ताक पर रख कर स्कूल को संचालित किया जा रहा है। स्कूल के एचएम पठन- पाठन व्यवस्थित करने की दिशा में कोई पहल नहीं कर रहें हैं। स्कूली बच्चों ने एचएम के रवैये के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। वहीं स्कूली बच्चों के द्वारा किए गए तालाबंदी की सूचना पर पहुंचे प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने स्कूली बच्चों से बात कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन स्कूली बच्चे तत्काल समस्या का समाधान करने की बात कर स्कूल का ताला खोलने से इन्कार कर दिया। बच्चों का आरोप बेबुनियाद: मनोज पासवान
स्कूल के एचएम मनोज पासवान ने स्कूली बच्चों की शिकायत पर कहा कि छात्रवृति व पोशाक राशि की वितरण की गई है। स्कूली बच्चों के द्वारा लगाया जा रहा आरोप बेबुनियाद है। वहीं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि इस मामले को लेकर शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारी को अवगत कराया जाएगा।
