कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
इधर बीएनएमयू ने पत्र को गंभीरता से लिया है। बीएनएमयू के परीक्षा नियंत्रक प्रो. नवीन कुमार ने संबंधित पत्र को आदेशार्थ व विचारार्थ विवि के प्रति-कुलपति प्रो. फारूक अली के अवलोकनार्थ रखा तो प्रति-कुलपति विफर गए और सारे मामले को राज्यपाल-सह-कुलाधिपति के अवलोकनार्थ राजभवन भेजने का निर्णय लिया। राजभवन को लिखे पत्र में प्रति-कुलपति ने पूर्णिया विवि की ओर से इस विवि को राजभवन की नजरों में नीचा दिखाने, राजभवन को भेजे गए एकेडमिक कैलेंडर को फेल कराने तथा पीयू की ओर से छात्रों की आड़ में बीएनएमयू प्रशासन को गैर संसदीय व अशोभनीय भाषा का प्रयोग कर पत्र लिखने आदि का प्रमाणिक आरोप लगाया है। पत्र में प्रति-कुलपति प्रो. फारूक ने पूर्णिया विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार सिंह को एसएनएसआरकेएस कॉलेज, सहरसा स्थानांतरित करने का भी अनुरोध किया है। उल्लेखनीय है कि पूर्णिया विवि के परीक्षा नियंत्रक मूलत: बीएनएमयू अंतर्गत एसएनएसआरकेएस कॉलेज, सहरसा में भैतिकी विभाग के शिक्षक हैं। प्रति-कुलपति ने राजभवन को यह भी लिखा है कि बीएनएमयू ने पूर्णिया विवि अंतर्गत पड़ने वाले तमाम शिक्षक एवं कर्मचारियों को उनके पैतृक महाविद्यालय में भेज दिया है, जबकि पूर्णिया विवि अपने परीक्षा नियंत्रक को बीएनएमयू नहीं भेजा है।
मधेपुरा। बीएन मंडल विवि एवं पूर्णिया विवि में विभाजन के बाद से ही कई मुद्दों पर तकरार रहा है। वर्तमान में पीजी द्वितीय सेमेस्टर, जून-19 एवं तृतीय सेमेस्टर, दिसंबर-17 की आगामी 23 सितंबर से होने वाली परीक्षा में परीक्षा केंद्र के सवाल पर दोनों विवि आमने-सामने आ गए हैं। पूर्णिया विवि के परीक्षा नियंत्रक ने परीक्षा केंद्र पूर्णिया विवि क्षेत्रान्तर्गत करने को लेकर बीएनएमयू को लिखे पत्र में गैर संसदीय भाषा प्रयोग करने का मामला प्रकाश में आया है। पूरे प्रकरण को बीएनएमयू प्रशासन ने अग्रेत्तर कार्रवाई के लिए राजभवन से अनुरोध किया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 19 सितंबर को पूर्णिया विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार सिंह ने बीएनएमयू के परीक्षा नियंत्रक को पीजी द्वितीय एवं तृतीय सेमेस्टर के परीक्षा केंद्र के परिवर्तन के लिए ईमेल से पत्र भेजे थे जिसमें छात्र नेताओं की आड़ में बेवजह गैर संसदीय व अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया है।
पीयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. सिंह ने छात्र नेताओं की ओर से दिये गए आवेदन को उल्लेख करते हुए पत्र में लिखा है ''बीएनएमयू प्रशासन के उत्पीड़क और पक्षपातपूर्ण नीतियों का हमलोग विरोध करते हैं। साथ ही पूर्णिया विवि ने संबंधित छात्रों के आवेदन को भी अपने पत्र के साथ बीएन मंडल प्रशासन के अवलोकनार्थ भेजा है जिसमें छात्रों ने इस प्रकार के गैर संसदीय भाषा का प्रयोग नहीं किया है। सूत्र बताते हैं कि पूर्णिया विवि के लगभग 56 छात्रों ने हस्ताक्षर कर परीक्षा केंद्र परिवर्तन, परीक्षा तिथि बढ़ाने, दो विषयों के बीच कम से कम पांच दिनों का अंतर रखने आदि को लेकर विवि के कुलपति, प्रति-कुलपति, डीएसडब्लू एवं परीक्षा नियंत्रक को आवेदन दिया है। छात्रों की ओर से दिए गए आवेदन में छात्रों ने कहीं भी उत्पीड़क एवं पक्षपातपूर्ण नीतियों आदि शब्दों का उल्लेख नहीं किया है। अब यक्ष प्रश्न है कि जब छात्रों ने अपने आवेदन में गैर संसदीय शब्दों का प्रयोग किया ही नहीं तो फिर पूर्णिया विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार सिंह ने छात्रों के आवेदन की आड़ में बीएनएमयू प्रशासन को लिखे गए पत्र में आपत्तिजनक व गैर संसदीय शब्दों का कैसे प्रयोग किए ?
----------------
-कोट-
पूर्णिया विवि की ओर से छात्रों की आड़ में बीएनएमयू को भेजे गए पत्र में गैरसंसदीय भाषा के प्रयोग से मर्माहत हूं। राजभवन को सारी बातों को लिखित रूप में भेज दिया गया है। पूर्णिया विवि प्रशासन की ओर से लगातार बीएनएमयू को राजभवन की नजरों में बदनाम करने का प्रयास किया जाता रहा है।
प्रो. फारूक अली
प्रति-कुलपति, बीएनएमयू, मधेपुरा
