कोशी लाइव_नई सोच नई खबर:
अक्की :
अक्की :
सहरसा। मंगलवार को बैजनाथपुर ओपी के सामने सेब लदा पिकअप वैन चार से पांच फीट पानी भरे गड्ढे में पलट गया। हालांकि इस हादसे में वाहन चालक की जान बाल-बाल बची। स्थानीय दुकानदारों के अथक प्रयास से चालक को वाहन के अंदर से शीशा को तोड़ कर निकाला गया लेकिन इस दौरान एक भी पुलिसकर्मी झांकने तक नहीं आए। बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह मधेपुरा से सहरसा की ओर जा रहे सेब लदा पिकअप वैन जैसे ही बैजनाथपुर ओपी के सामने पहुंचा वो संतुलन खोते हुए पानी भरे गड्ढे में पलट गया। हालांकि दुकानदारों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को वाहन के अंदर से निकाला।
इस दौरान लोगों में खासा आक्रोश भी देखने को मिला। लोगों ने बताया कि बैजनाथपुर ओपी के सामने पैदल चलना मुश्किल है। सहरसा-मधेपुरा सड़क की मरम्मत हो या नहीं हो स्थानीय पुलिस प्रशासन अपने स्तर से बैजनाथपुर ओपी के सामने चार से पांच फीट गड्ढे को भरने का काम करे। लोगों का कहना था कि बैजनाथपुर ओपी के सामने गड्ढे में किसी भी प्रकार की दुर्घटना होती है। मालूम हो कि सहरसा मधेपुरा एनएच 107 पर बने गड्ढों की मरम्मत को लेकर कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों के द्वारा भूख हड़ताल, धरना प्रदर्शन,सड़क जाम कर एवं बैजनाथपुर बीपी मंडल गोलंबर के पास धान की रोपाई भी किया गया था। लेकिन प्रशासनिक अधिकारी आश्वासन देकर कागज पर खानापूर्ति कर लिया करते हैं।
