Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा: फिर उफनाई कोसी, खेत खलिहान में घुसा पानी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, September 18, 2019

सहरसा: फिर उफनाई कोसी, खेत खलिहान में घुसा पानी

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर:
अक्की:
सड़क पर बह रहा पानी, आवागमन में हुई कठिनाई
बारिश के चलते 2 लाख 47 हजार क्यूसेक तक पहुंचा जलस्तर----
संसू, नवहट्टा (सहरसा): कोसी नदी में एकबार फिर उफान आने से पूर्वी कोसी तटबंध के अंदर दर्जनों गांव के खेत-खलिहान एवं सड़क पर नदी का पानी चढ़ गया है। मंगलवार को वीरपुर बराज पर कोशी का जलस्त्राव नेपाल के बराह क्षेत्र में लगातार बारिश से 2 लाख 47 हजार क्यूसेक पर पहुंच गया। जो बुधवार को कम होते हुए लगभग डेढ़ लाख पर पहुंच गया है। जलस्तर गिरने से लोग राहत की सांस ली है। जलस्तर बढ़ने के साथ ही केदली, रामपुर, छतवन, बगहा खाल, पहाड़पुर, हाटी, मुरली, देवका, कटियाही, परताहा, बड़हरा, डरहार, रामनगर, शितली, गोविदपुर, साहपुर चाही, रामजी टोला, रसलपुर, नौला, बेलाबथान, नारायणपुर समेत दर्जनों गांव के खेत खलिहान में नदी का पानी पसर गया। इससे जहां खेती की बर्बादी हुई है वहीं सड़क पर पानी आने के कारण एक बार फिर आवागमन में कठिनाई उत्पन्न हो गयी है। कोसी बांध से केदली जाने वाली मुख्यमंत्री सड़क पर बने पुल पर नदी का पानी चढ़ गया और पुल का पहुंच पथ पानी से लबालब हो गया। लोगों को आवागमन के लिए नाव पर आश्रित होना पड़ा है। नौला, सत्तौर, रसलपुर, बिरजाईन, डरहार में भी आवागमन की समस्या उत्पन्न हो गई है। सीओ अबू अफसर ने बताया कि राजस्व कर्मचारियों से गांव में बाढ़ की स्थिति का प्रतिवेदन तलब किया गया है। प्रतिवेदन मिलते ही अगला कदम उठाया जाएगा। पूर्वी कोसी तटबंध चंद्रायण डिविजन के कार्यपालक अभियंता सईद अहमद ने बताया तटबंध पर कोई दबाव नहीं है और स्थिति नियंत्रण में है।