कोशी लाइव: स्टालिन अमर अक्की
सदर थाना क्षेत्र के वार्ड 9 में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला की चेन और सोने के कंगन छीन ली। महिला ने शोर मचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने उसपर पिस्टल तान दी और गोली मारने की धमकी दी। घटना शुक्रवार सुबह लगभग पौने 7 बजे की है।
बताया जा रहा कि अवर निर्वाची पदाधिकारी कुमार शैलेश सिंह की पत्नी जयंती सिंह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक करने गई थी। वापस लौट रही थी इसी बीच मौका पाकर बदमाशों ने बाइक रोकी और पीछे से महिला के गले से पहले सोने की चेन झपट ली। इसके बाद कुछ दूर आगे जाकर दोनों हाथ से सोने की कंगन भी झपट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल निकाल लिया और गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने महिला से मोबाइल मांगा। मोबाइल नहीं रहने की बात कहने पर भद्दी गालियां दी और उसके साथ मारपीट भी किया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो चुके थे। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बदमाशों की करतूत घटनास्थल के पास स्वराज ट्रैक्टर एजेंसी में लगे सीसीटीवी में कैद हुई है। पीड़िता ने इसकी शिकायत सदर थाना पुलिस से की है। शिकायत पर स्नेचरों की पहचान के लिए एजेंसी में लगे सीसीटीवी फूटेज को खंगाला जा रहा है। महिला ने बताया कि चेन और कंगन की कीमत लगभग 1 लाख 70 हजार है। बताया कि बाइक सवार दो बदमाशों ने कांग्रेस ऑफिस के सामने से ही उनका पीछा किया मौका मिलते ही घटना को अंजाम देकर भाग निकले। बताया कि काले रंग की पल्सर गाड़ी पर हाफ पैंट और शर्ट पहने युवक बाइक चला रहा था वह हेलमेट लगाए हुए था। उधर, सूचना पर सदर एसडीपीओ विद्यासागर और अपर थानाध्यक्ष रामाशंकर भी घटनास्थल पर पहुंचे और सीसीटीवी की फूटेज लेकर बदमाशों की पहचान में जुट गए हैं
