कोशी लाइव:अक्की
सहरसा। गुरुवार की रात एक बार फिर चोरों ने थाना क्षेत्र के देहद पंचायत अंतर्गत पंचायत भवन, मध्य विद्यालय देहद व महर्षि मेंही सत्संग आश्रम के दरवाजे का ताला तोड़कर हजारों के सामानों की चोरी कर ली। लगातार हो रही चोरी की घटना से पुलिस प्रशासन के प्रति लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। वहीं घटना की सूचना पर पुअनि विनोद चौधरी पहुंचे और मामले की छानबीन की।
जानकारी के अनुसार चोरों ने देहद पंचायत भवन के दरवाजे का ताला तोड़कर पंचायत भवन के आरटीपीएस कॉमन सर्विस सेंटर में लगा वाइफाइ सेटअप बॉक्स, मध्य विद्यालय देहद के कमरे का ताला तोड़कर मोटर तथा अलमारी व ट्रंक का ताला तोड़कर थाली, बाल्टी तथा विद्यालय से कुछ ही दूरी पर अवस्थित महर्षि मेंही सत्संग आश्रम से साउंड सिस्टम, इनवर्टर व दानपेटी का ताला तोड़कर दान की राशि की चोरी कर ली। घटना के बाद मुखिया तुम सिंह, विद्यालय के प्रधानाध्यापक तथा सत्संग भवन के लोगों ने अलग-अलग आवेदन दिया है। मालूम हो कि बीते 16 अप्रैल को भी देहद पंचायत के मोहनपुर सुरसर नदी के किनारे बने शिव मंदिर से मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा हजारों के समान की चोरी कर ली गई थी। थानाध्यक्ष शिवशंकर कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर मामले की छानबीन की गई है। जल्द ही मामले का उछ्वेदन कर लिया जाएगा।
