Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा:एटीएम के लिए मानवाधिकार में दर्ज कराई गई प्राथमिकी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, March 11, 2019

मधेपुरा:एटीएम के लिए मानवाधिकार में दर्ज कराई गई प्राथमिकी

कोशी लाइव:अक्की

Udakishunganj News - an fir lodged in human rights for atms
पुरैनी प्रखंड मुख्यालय में एसबीआई का एटीएम स्थापित करने को लेकर जाप छात्र अध्यक्ष राहुल कुमार ने मानवाधिकार आयोग में मामला दर्ज कराया है। राहुल कुमार ने एसबीआई शाखा प्रबंधक से लेकर एसबीआई महाप्रबंधक प्रधान कार्यालय पटना तक कई बार लिखित आवेदन देकर शिकायत किया है। परंतु, कहीं से भी एटीएम स्थापित करने की दिशा में कोई भी पहल नहीं किया गया। उन्होंने जिला पदाधिकारी मधेपुरा, सांसद पप्पू यादव, क्षेत्रीय प्रबंधक मधेपुरा, उप महाप्रबंधक पूर्णिया को भी सैकड़ों लोगों के द्वारा हस्ताक्षरित आवेदन दिया। विभिन्न जगहों पर आवेदन देने के बावजूद भी ठोस पहल नहीं होते देख लोक शिकायत निवारण मधेपुरा में मामला दर्ज कराया गया। 

लोक शिकायत निवारण मधेपुरा में सुनवाई के दौरान शाखा प्रबंधक पुरैनी ने कहा कि क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय को पुरैनी में एसबीआई का एटीएम स्थापित करने को लेकर पत्र द्वारा अवगत करा दिया गया है। महीनों बीत जाने के बाद भी जब एटीएम नहीं स्थापित किया गया तो राहुल ने प्रथम अपील प्रमंडल आयुक्त के यहां और द्वितीय अपील प्रधान सचिव वित्त विभाग के पास किया गया। प्रधान सचिव वित्त विभाग ने प्रस्तुत परिवाद पर कहा कि संबंधित बैंक शाखा ही किसी भी प्रकार का उचित कदम उठा सकते हैं। हर जगह से सिर्फ आश्वासन मिलने पर अंत में मानवाधिकार आयोग पटना में मामला दर्ज कराया गया है। जाप छात्र अध्यक्ष राहुल कुमार ने कहा कि पुरैनी प्रखंड मुख्यालय से 13 किलोमीटर और चौसा प्रखंड मुख्यालय से 12 किलोमीटर की दूरी पर एटीएम सेवा स्थापित है। इस वजह से स्थानीय लोगों को पैसा निकासी के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं किया गया तो जन अधिकार छात्र परिषद सड़क पर उतर कर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक मधेपुरा ने बताया कि पुरैनी और फुलौत के लिए एटीएम सेवा शुरू करने की दिशा में सकारात्मक पहल विभाग द्वारा किया जा रहा है। जल्द ही दोनों जगहों पर एटीएम स्थापित कर दी जाएगी।