कोशी लाइव:अक्की
मधेपुरा। लोकसभा चुनाव की घोषणा के साथ आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इसके मद्देनजर जिले में प्रशासनिक स्तर पर चुनावी तैयारी तेज कर हो गई है। इस बार चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक प्रचार करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके निगरानी के लिए अधिकारियों की एक टीम गठित की जा रही है। वहीं चुनाव को देखते हुए आपराधिक छवि वाले बदमाशों पर भी कार्रवाई की तैयारी पुलिस प्रशासन की ओर से की जा रही है। लोकसभा चुनाव की घोषणा होने बाद सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डीएम नवदीप शुक्ला, एसपी संजय कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि शांतिपूर्ण चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह से कटिबद्ध है। डीएम ने कहा कि मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र में जिले के तीन विधानसभा क्षेत्र और सहरसा जिले के तीन विधानसभा क्षेत्र के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र में कुल 18 लाख 84 हजार 216 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं सुपौल लोकसभा के चुनाव जिले के सिंहेश्वर विधानसभा क्षेत्र के तीन प्रखंड के 2 लाख 97 हजार 686 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। डीएम ने कहा कि इस बार एक भी चलंत मतदान केंद्र नहीं होगा।सभी मतदान केंद्रों पर बिजली व रैंप की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। दिव्यांग के लिए व्हील चेयर की व्यवस्था की गई है। वहीं उदाकिशुनगंज के एसडीओ एसजेड हसन ने कहा कि चुनाव को लेकर सभा करने या वाहन की अनुमति लेने के लिए अनुमंडल मुख्यालय में अधिकारी से अनुमति लेना है। मौके पर डीडीसी विनोद कुमार सिंह, उपनिर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार, जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय, सदर एसडीओ वृंदा लाल, उदाकिशुनगंज एसडीओ एसजेड हसन, उदाकिशुनगंज डीसीएलआर ललित कुमार सिंह, सदर अनुमंडल के डीसीएलआर गोपाल कुमार सहित कई मौजूद थे।
-------------------------------
42 अपराधियों पर सीसीए का प्रस्ताव : लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न करने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सभी थानाध्यक्षों को अलर्ट कर दिया गया है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 35 चेक पोस्ट पर निगरानी बढ़ा दी गई है। वहीं दो हजार लोगों पर 107 की कार्रवाई की गई है। रात दस बजे के बाद लाउड स्पीकर बजाने पर लगे रोक का सख्ती से पालन करने की बात कही गई है। वहीं जिले में चार सर्विलांस टीम का गठन किया गया है। सर्विलांस टीम के अधिकारी चुनाव के दौरान विशेष निगरानी रखेंगे।
------------------------
लोकसभा चुनाव को
अधिसूचना जारी होने की तिथि --------- 28 मार्च
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि ---------- 04 अप्रैल
नामांकन पत्र की संवीक्षा ---------- 05 अप्रैल
प्रत्याशियों के नाम वापस लेने की तिथि ---------- 08 अप्रैल
मतदान की तिथि --------- 23 अप्रैल
मतगणना की तिथि --------- 23 मई
------------------------------------
लोकसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारी :
-: जिले के सभी 13 प्रखंडों में बनाया गया 1285 मतदान केंद्रों पर होगा चुनाव
-: मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र में मधेपुरा व सहरसा को लेकर बनाया गया 1940 बूथ
-: मधेपुरा लोकसभा में कुल 18 लाख 84 हजार 216 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
-: सुपौल लोकसभा में जिले सिंहेश्वर विधानसभा क्षेत्र के 02 लाख 97 हजार 686 मतदाता होंगे शामिल
-: शहर के टीपी कॉलेज में बनाया जाएगा मतगणना केंद्र
