Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:अधिकारी से दिल्ली टोन में बात करना इंटर के परीक्षार्थी को पड़ा महंगा, बॉडीगार्ड ने पीटा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, February 14, 2019

SAHARSA:अधिकारी से दिल्ली टोन में बात करना इंटर के परीक्षार्थी को पड़ा महंगा, बॉडीगार्ड ने पीटा

कोशी लाइव:विकास तांती

इंटर के छात्र का दिल्ली की टोन में बात करना महंगा पड़ गया। इवनिंग कॉलेज में गुरुवार को जांच करने पहुंचे उपविकास आयुक्त के बॉडीगार्ड ने परीक्षार्थी सत्यम की जमकर पिटाई कर दी। जख्मी छात्र ने सदर अस्पताल पहुंचकर इलाज कराया और उसके बाद अधिकारियों को आवेदन देकर शिकायत की है।
पीड़ित छात्र सत्यम कुमार पार्वती ब्रह्मदेव फुलो सिंह सीनियर सेकेन्ड्री स्कूल पटुआहा के विज्ञान विषय का छात्र है। अन्य दिनों की तरह गुरुवार को वह पहली पाली में हिन्दी विषय की परीक्षा दे रहा था। पूछताछ के क्रम में छात्र ने अधिकारी से दिल्ली की टोन में आप की जगह तुम का प्रयोग कर दिया। जो अधिकारी पर नागवार गुजरा। मौके पर मौजूद अधिकारी के गार्ड ने उसकी वहीं पिटाई शुरू कर दी। 
छात्र ने बताया कि वह अपनी बेगुनाही की बात कहता रहा लेकिन गार्ड ने उसे परीक्षा के दौरान दोमंजिले से उठाकर नीचे लाया एवं कमरे में जमकर पिटाई की। सभी जांच से संतुष्ट होने के बाद व्यवधान के लिए आधे घंटे का अतिरिक्त समय तो दिया गया लेकिन पिटाई व भय के कारण वह ठीक से परीक्षा नहीं दे सका है। छात्र ने बायीं हाथ पर पड़े जख्म को दिखाते कहा कि इस पीड़ा में परीक्षा देना कहीं से संभव नहीं है। छात्र ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर इस बात की शिकायत की है।
इवनिंग कॉलेज में तैनात मजिस्ट्रेट अमरेन्द्र कुमार ने कहा कि एक गर्भवती महिला के पेट में दर्द होने के कारण वह गाड़ी से उसे छोड़ने चले गये थे। वहीं केन्द्राधीक्षक ने घटना की जानकारी होने से इनकार कर दिया।
 
अधिकारी ने कहा जांच के दौरान अभद्र व्यवहार किया
परीक्षा के दौरान छात्र के साथ की गई मारपीट के बारे में उड़न दस्ता अधिकारी सह डीडीसी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि इस तरह का कोई मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि छात्र सत्यम कुमार जांच के दौरान वीक्षक, तैनात मजिस्ट्रेट एवं केंद्राधीक्षक के साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था। उन्होंने कहा कि उक्त छात्र का एडमिट कार्ड पर लगा फोटो एवं सिगनेचर भी नहीं मिल रहा था। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थी पूरी तरह दबंगई पर उतर गया था एवं जांच में किसी तरह का सहयोग नहीं कर रहा है।
  
कैसे मिला अधिक समय
इवनिंग कॉलेज में परीक्षा के दौरान छात्र को आधा घंटा अधिक समय दिया गया। इसको लेकर सवाल उठने लगा है। बिहार बोर्ड द्वारा नियुक्त नोडल पदाधिकारी शंभूनाथ सिंह ने कहा कि परीक्षा में किसी भी परिस्थिति में अधिक समय नहीं दिया जा सकता है। इस संबंध में मेरे पास कोई सूचना भी नहीं है।