Kosi Live-कोशी लाइव बिहार: सरस्वती पूजा पर आयोजित कार्यक्रम में गए युवक की गोली मारकर हत्या - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, February 13, 2019

बिहार: सरस्वती पूजा पर आयोजित कार्यक्रम में गए युवक की गोली मारकर हत्या

कोशी लाइव:अक्की

बिहार के अरवल में रामपुर-चौरम थाना क्षेत्र के बस्ती बिगहा गांव में मंगलवार की रात नाच देखने आए 28 वर्षीय युवक राहुल कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक अलावलचक गांव का रहने वाला था। वह सरस्वती पूजा के अवसर पर बस्ती बिगहा में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने आया था। बताया गया है कि युवक मंच के नीचे बैठ कर नाच देख रहा था। इसी बीच किसी बात को लेकर दो पक्षों में मारपीट होने लगी। मारपीट के दौरान ही युवक को गोली मार दी गई। गोली लगते ही राहुल की मौके पर ही मौत हो गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में युवक की हत्या के बाद भगदड़ मच गई और कलाकार व ग्रामीण वहां से भाग निकले। इधर, आरोपितों ने मौके का फायदा उठाते हुए साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को घसीट कर करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित एक कुएं में डाल दिया। घटना की सूचना मृतक के परिजनों और पुलिस को मिली। थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार रात में ही बस्ती बिगहा गांव पहुंचे और शव को घसीटे जाने के क्रम में गिरे खून का पीछा करते हुए कुएं तक पहुंचे। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकाला तथा पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। इधर, घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने बस्ती बिगहा में जमकर हंगामा किया। बुधवार की सुबह ग्रामीण और परिजन सदर अस्पताल भी पहुंच गए तथा वहां थानाध्यक्ष पर आरोपितों से मिली भगत का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।
हंगामे की जानकारी मिलते ही एसपी उमाशंकर प्रसाद, एसडीएम किरण सिंह, एसडीपीओ शैलेन्द्र कुमार के अलावा करपी और शहरतेलपा थाने की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई। एसपी ने सदर अस्पताल पहुंच परिजनों को उचित न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया और कहा कि इस घटना में उनके द्वारा पक्षपात किए जाने की बात सही पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। एसपी ने बताया कि मृतक के पिता लालबहादुर सिंह के बयान पर आधा दर्जन लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।