कोशी लाइव:
मुकेश कुमार सिंह
सहरसा – माध्यमिक परीक्षा के तीसरे दिन दो मुन्ना भाई गिरफ्तार। जिला मुख्यालय के सभी 18 केन्द्रों पर दोनों पालियों में निरीक्षण का काम चलता रहा।परीक्षा केन्द्रों के दो सौ गज बाहर अभिभावकों का मजमा लगा रहा सहरसा में। जिला प्रशासन के सख्त निगरानी में शनिवार को तीसरे दिन भी माध्यमिक परीक्षा का संचालन किया गया।
सभी केन्द्रों पर भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरे गहन जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को तीसरे दिन भी परीक्षा केन्द्र में प्रवेश दिया गया। परीक्षा केन्द्रों पर लगने वाले भीड़ को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती भी की गई थी। जिससे अफरा तफरी का माहौल किसी भी केन्द्र पर देखने को नहीं मिला। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में आयोजित परीक्षा के प्रथम पाली में दो मुन्ना भाई पकड़ा गया।
जानकारी देते जिला शिक्षा पदाधिकारी डॉ तकिउद्दीन अहमद ने बताया कि पीजी सेन्टर परिक्षा केन्द्र पर प्रथम पाली में दो मुन्ना भाई पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि वीक्षकों की मुस्तैदी से दीपक कुमार व श्रीकांत कुमार नामक दो छात्र को पकड़ा गया है। पकड़ाये छात्र में दीपक कुमार ने दूसरे छात्र के स्थान पर परीक्षा देने के एवज में चार हजार रूपये लेने की बात स्वीकार की है। उक्त दोनो मुन्ना भाई को सदर थाना के हवाले किया गया है।
जिलाधिकारी शैलजा शर्मा, उप विकास आयुक्त राजेश कुमार सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी शंभूनाथ झा, एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी सहित उड़नदस्ता टीम के अधिकारियों द्वारा जिला मुख्यालय के सभी 18 केन्द्रों पर दोनों पालियों में निरीक्षण किया गया। केन्द्र अधीक्षक एवं वीक्षकों द्वारा कदाचार पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का काम किया गया।
