कोशी लाइव:@विकास तांती
जिले के विभिन्न जगहों से हथियार के साथ चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सिमरी बख्तियारपुर पुलिस ने गश्ती के दौरान लोडेड कट्टा व पांच गोलियों के साथ दो बदमाशों को पकड़ा। वहीं सौरबाजार पुलिस ने कांप बाजार में बिना नंबर की बाइक से भाग रहे दो बदमाशों को हथियार के साथ पकड़ा।
सिमरी बख्तियारपुर से सं.सू. के अनुसार सोमवार की शाम पुलिस ने गश्ती के दौरान स्टेशन चौक के समीप नवाब मार्केट स्थित एटीएम के पास हथियार लेकर घूम रहे दो बदमाशों को एक लोडेड कट्टा, पांच गोली व एक मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया। दोनों को मंगलवार को जेल भेज दिया गया है। इसकी जानकारी मंगलवार को बख्तियारपुर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसडीपीओ मृदुला कुमारी ने दी। उन्होंने बताया कि प्रभारी थानाध्यक्ष मनोज प्रसाद सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि नवाब मार्केट स्थित एटीएम के पास दो बदमाश छिनतई के उद्देश्य से हथियार के साथ घूम रहे हैं। गश्ती कर रहे सअनि अम्बिका शर्मा ने पुलिस बलों के साथ पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। एक की पहचान कानू टोला वार्ड 10 निवासी अशोक स्वर्णकार के पुत्र निगम कुमार स्वर्णकार तथा दूसरा बड़ी दुर्गा स्थान गली वार्ड 12 निवासी रतन कुमार गुप्ता के पुत्र चिक्कू कुमार गुप्ता के रूप में हुई।
सौर बाजार से सं.सू. के अनुसार कांप बाजार से सोमवार की रात वाहन चेकिंग के दौरान लोडेड पिस्तौल के साथ दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आलोक कुमार और जाहिद आलम मिठाई मधेपुरा का बताया जा रहा है। थानाध्यक्ष द्रवेश कुमार यादव ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान जब इनकी बाइक को रोका गया तो दोनों ने भागने का प्रयास किया। इनलोगों को खदेड़ कर पकड़ लिया गया। मौके पर एएसआई सुशील कुमार सिंह, वीरेंद्र कुमार, ज्ञानेंद्र अमरेंद्र सहित अन्य मौजूद थे।